भारत की GDP के बराबर पहुँची Apple की वैल्यू! कैसे Apple ने कर दिया इतना बड़ा कमाल ?
नई दिल्ली: टेक्नोलॉजी दिग्गज एप्पल (Apple Inc.) ने एक नया इतिहास रच दिया है। कंपनी की मार्केट वैल्यू पहली बार 4 ट्रिलियन डॉलर (करीब ₹353 लाख करोड़) के पार पहुंच गई है । ये भारत की कुल जीडीपी के लगभग बराबर है। इस उपलब्धि के साथ एप्पल दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी कंपनी बन गई है।
टॉप 3 कंपनियों की रेस में एप्पल
नैस्डेक के आंकड़ों के अनुसार, इस समय सबसे आगे Nvidia है, जिसकी मार्केट वैल्यू $4.71 ट्रिलियन (₹415 लाख करोड़) है।
दूसरे स्थान पर Microsoft है, जिसकी वैल्यू $4.06 ट्रिलियन (₹358 लाख करोड़) है।
अब Apple तीसरे स्थान पर पहुंच गई है, जिसने यह रिकॉर्ड अपने नए iPhone 17 की लॉन्चिंग के बाद हासिल किया।

iPhone 17 की लॉन्चिंग के बाद शेयरों में उछाल
28 अक्टूबर को एप्पल के शेयर दिन के दौरान $269.87 तक पहुंच गए, जिससे कंपनी की मार्केट कैप ने $4 ट्रिलियन का आंकड़ा पार किया। फिलहाल शेयर $268.51 पर ट्रेड कर रहा है।
9 सितंबर iPhone 17 के लॉन्च के बाद से अब तक कंपनी के शेयरों में लगभग 15% की तेजी आई है। लॉन्च के समय शेयर की कीमत $234 थी।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, iPhone 17 की बिक्री अमेरिका और चीन में पिछले मॉडल से 14% अधिक रही है। ब्रोकरेज फर्म Evercore ISI का मानना है कि एप्पल का सितंबर क्वार्टर का प्रदर्शन उम्मीद से बेहतर रहेगा और दिसंबर तिमाही के लिए भी मजबूत अनुमान हैं।
AI रणनीति बनी चुनौती
हालांकि, कंपनी को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
एप्पल की AI रणनीति अभी स्पष्ट नहीं है। कंपनी ने ‘Apple Intelligence Suite’ और ChatGPT इंटीग्रेशन तो लॉन्च किया है, लेकिन Siri का नया AI अपडेट अगले साल तक टल गया है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, एप्पल के कई AI अधिकारी हाल ही में Meta में शामिल हो गए हैं। वहीं कंपनी अब Google (Alphabet Gemini), Anthropic और OpenAI जैसी कंपनियों के साथ AI साझेदारी पर विचार कर रही है।
निवेशकों में उम्मीद और सावधानी दोनों
एनालिस्ट जॉन ज़ैकेरेली का कहना है,
“एप्पल की AI रणनीति अभी अनिश्चित है, जिससे निवेशकों में थोड़ी चिंता है। लेकिन अगर कंपनी ऐसा कोई AI फीचर लाती है जो ग्राहकों को पसंद आता है, तो यह एप्पल के भविष्य को पूरी तरह बदल सकता है।”
कंपनी के 30 अक्टूबर को आने वाले तिमाही नतीजों से मजबूत प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
20 दिनों में नौकरी का कानून, भूमिहीनों को भूमि , जाने महागठबंधन की घोषणा पत्र में किसके लिए क्या।