कांग्रेस सांसद ने भाजपा पर “पेपर चोर” होने का आरोप लगाया, युवाओं के भविष्य और बेरोजगारी पर चिंता जताई

कांग्रेस के नेता और एलओपी राहुल गांधी ने शुक्रवार को उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) स्नातक स्तरीय परीक्षा 2025 में पेपर लीक की घटना को लेकर मोदी सरकार पर हमला बोला। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने भाजपा को “पेपर चोर” कहा और आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक ने लाखों युवाओं के मेहनत और सपनों को बर्बाद कर दिया है।
बेरोजगारी और वोट चोरी एक दूसरे से जुड़े हैं
राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार केवल सत्ता की चिंता करती है, युवाओं की बेरोजगारी की नहीं। उन्होंने मांग की कि पेपर लीक रोकने के लिए मजबूत और पारदर्शी व्यवस्था बनाई जाए। उन्होंने पेपर लीक मामले को 2024 के चुनाव में कथित वोट चोरी से जोड़ते हुए कहा कि बेरोजगारी और वोट चोरी एक दूसरे से जुड़े हैं।
कांग्रेस नेता ने युवाओं से कहा एकजुटता के साथ रहे और कहा कि यह सिर्फ नौकरी की लड़ाई नहीं, बल्कि न्याय और लोकतंत्र की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि, जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया जाए और छात्रों के हित में निर्णय लिया जाए।

क्या बोले धामी
वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं से सचेत रहने की अपील की और कहा कि कुछ लोग अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए छात्रों का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पहले ही SIT का गठन कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। उत्तराखंड उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश बीएस वर्मा को निगरानी के लिए नियुक्त किया गया है। मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सरकार ने आश्वासन दिया है कि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से होगी और छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी।