भारतीय बैडमिंटन स्टार ज्वाला गुट्टा ने मिल्क बैंक को 30 लीटर ब्रेस्ट मिल्क दान कर मानवता की मिसाल पेश की। यह दूध बीमार और असमय जन्मे नवजात शिशुओं के लिए जीवनदायी साबित होगा।
भारतीय बैडमिंटन स्टार ज्वाला गुट्टा ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए लगभग 30 लीटर ब्रेस्ट मिल्क (Breast Milk) डोनेट किया है। यह दूध उन्होंने आसपास के सरकारी अस्पतालों के मिल्क बैंक को दिया, बीमार नवजात शिशुओं की जान बचाई जा सके। ज्वाला ने यह पहल अपनी बेटी मीरा के जन्म के बाद शुरू की और लगातार इसे जारी रखा। उनका मानना है कि यदि कोई महिला सक्षम है, तो उसे जरूरतमंद बच्चों के लिए दूध दान करना चाहिए।
ज्वाला ने X पर साझा किया अपने अनुभव
ज्वाला ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर अपने अनुभव को साझा करते हुए लिखा, “माँ का दूध जीवन बचाता है। असमय जन्मे और बीमार बच्चों के लिए दान किया गया दूध जीवन में बड़ा बदलाव ला सकता है। यदि आप सक्षम हैं, तो आप किसी जरूरतमंद परिवार के लिए हीरो साबित हो सकते हैं।” उनकी इस पोस्ट के बाद लोग उनकी सराहना कर रहे हैं और उन्हें “कई नवजातों की माँ” कहकर सम्मानित कर रहे हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, माँ का दूध नवजात शिशुओं के लिए पोषण और प्रतिरोधक क्षमता प्रदान करने वाला होता है। कई बार समय से पहले जन्म लेने वाले बच्चों की माताओं के पास पर्याप्त दूध नहीं होता, ऐसे में मिल्क बैंक और दान किया गया दूध उन बच्चों के लिए जीवनदायी साबित होता है। ज्वाला की इस पहल से न केवल कई बच्चों की जान बचाई जा रही है, बल्कि यह समाज में जागरूकता भी फैला रही है।