कैथल पुलिस ने खोली वायरल वीडियो की पोल, 9 साल की बच्ची और उसके भाई से जुड़ी कहानी का क्या है पूरा सच?”
इन दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि एक 9 साल की बच्ची अपने ही 11 साल के सगे भाई से गर्भवती हुई और उसने एक बच्चे को जन्म दिया है। वीडियो की प्रमाणिकता दिखाने के लिए इसके साथ एक और वीडियो जोड़ा गया है, जिसमें एक पुलिस अधिकारी इस घटना का जिक्र करती हुई नजर आती हैं।

क्या दावा किया जा रहा वीडियों में
उस वीडियो में पुलिस अधिकारी कहती दिखती हैं कि उनके सामने एक मामला आया था, जिसमें एक 9 साल की बच्ची को उसके 11 साल के भाई ने गर्भवती कर दिया और बाद में बच्ची ने बच्चे को जन्म दिया। जिसके बाद सोशल मीडिया पर तमाम प्रकार के दावों के साथ शेयर किया जा रहा है । जिसमें कुछ जगहों पर यह वीडियो हरियाणा के कैथल का बताया जा रहा है और सोशल मीडिया पर कई अलग-अलग पेजों द्वारा इसे अपलोड किया गया है।
इस दावे के साथ सोशल मीडिया पर एक वीडियो बहुत तेजी से वायरल हो गया । वीडियो में एक छोटी बच्ची दिखाई दे रही है, साथ ही नीचे एक पुलिस अधिकारी का बयान भी जोड़ा गया है, जिसमें पुलिस अधिकारी यह कहते हुए नजर आती हैं कि जब यह मामला उनके सामने आया तो वह भी चौंक गई थीं।

क्या है वायरल वीडियों की सच्चाई
दरअसल, वीडियो में जो पुलिस अधिकारी का बयान जोड़ा गया है, उनका नाम गीता रानी है, जो इस समय कैथल के सिटी थाना की प्रभारी हैं। जब ‘द लोकधर्म ‘ की टीम ने गीता रानी से संपर्क करने की कोशिश की, तो उन्होंने साफ कहा कि कैथल में ऐसी कोई भी घटना घटित नहीं हुई है और उनके नाम से वायरल किया जा रहा यह वीडियो फर्जी है।
न्यूज़18 के मुताबिक, SHO गीता रानी का यह बयान करीब एक साल से भी ज्यादा पुराना है, जो उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़े एक सेमिनार में दिया था। इस बयान के साथ छेड़छाड़ कर इसे सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है।
पुलिस ने क्या बताया
वीडियों पर बढ़ते बवाल के बाद मामले पर कैथल पुलिस की ओर से डीएसपी ललित कुमार ने भी बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि कैथल में इस तरह का कोई भी मामला सामने नहीं आया है। कैथल के सभी थानों से इस मामले की जांच करवा ली गई है और पुलिस इस दावे की पुष्टि नहीं करती है। पुलिस ने इस खबर को फेक बताया है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर आशंका जताई जा रही है कि वीडियो में दिख रही बच्ची और उसके गोद में मौजूद शिशु किसी और घटना का हो सकता है, या फिर किसी स्क्रिप्टेड वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है। द लोकधर्म की पड़ताल में यह साफ हुआ है कि 9 साल की बच्ची को उसके 11 साल के सगे भाई द्वारा गर्भवती किए जाने का दावा पूरी तरह फर्जी है।