बल्ले से रचा इतिहास! विजय हजारे में 14 साल के वैभव का तूफान, रिकॉर्ड हुए चकनाचूर
36 गेंदों में शतक, 190 रनों की विस्फोटक पारी; साकिबुल गनी और ईशान किशन ने भी जड़े शतक

विजय हजारे ट्रॉफी का पहला दिन ऐसा रहा, जिसे भारतीय घरेलू क्रिकेट लंबे समय तक याद रखेगा। मैदान पर रन ऐसे बरसे, जैसे रिकॉर्ड टूटने का ही इंतज़ार हो। खास बात यह रही कि इस दिन के बने हीरो बेहद युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी जिन्होंने अपने बल्ले से फिर इतिहास लिख दिया है ।
36 गेंदों में शतक बनाकर रचा इतिहास
रांची के JSCA ओवल ग्राउंड में बिहार और अरुणाचल प्रदेश के बीच प्लेट ग्रुप का मुकाबला खेला गया। बिहार की ओर से खेलने उतरे 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने ऐसी पारी खेली, जिसने सबको चौंका दिया। वैभव ने सिर्फ 36 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया।

दुनिया के सबसे युवा बल्लेबाज बने
वैभव सूर्यवंशी अब लिस्ट-A क्रिकेट में शतक लगाने वाले दुनिया के सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के जहूर इलाही का करीब 39 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। जहूर इलाही ने 1986 में 15 साल 209 दिन की उम्र में लिस्ट-A शतक लगाया था, जबकि वैभव ने 14 साल 272 दिन की उम्र में यह कारनामा कर दिखाया। यानी उम्र के हिसाब से यह शतक क्रिकेट इतिहास का सबसे कम उम्र वाला शतक बन गया। वैभव की पारी यहीं नहीं रुकी। उन्होंने 84 गेंदों में 190 रन ठोक दिए। वैभव ने चौकों-छक्कों की बरसात कर दी। मैदान के चारों तरफ गेंद जाती रही और फील्डर्स सिर्फ देखते रह गए। इस पारी में वैभव ने 16 चौके और 15 छक्के लगाए। 12वें ओवर की पहली गेंद पर एक रन लेकर उन्होंने अपना शतक पूरा किया और तभी से स्टेडियम में मौजूद दर्शकों को समझ आ गया कि वे कुछ ऐतिहासिक पल देख रहे हैं।
दिग्गजों को छोड़ा पीछे
वैभव बिहार टीम के उप-कप्तान भी हैं, और इतनी कम उम्र में जिम्मेदारी के साथ इस तरह खेलना, उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाता है। इतना ही नहीं, उन्होंने सबसे तेज़ 150 रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया और इस मामले में साउथ अफ्रीका के एबी डिविलियर्स और इंग्लैंड के जोस बटलर जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया।

ऐतिहासिक रहा दिन
इस ऐतिहासिक दिन पर सिर्फ वैभव ही नहीं चमके। बिहार के कप्तान साकिबुल गनी ने भी बल्ले से आग उगली। उन्होंने सिर्फ 32 गेंदों में शतक जड़ दिया और भारतीय लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज़ शतक लगाने वाले बल्लेबाज़ बन गए। यह रिकॉर्ड इससे पहले अनमोलप्रीत सिंह के नाम था, जिन्होंने 2024 में 35 गेंदों में शतक लगाया था। लेकिन साकिबुल गनी ने उस रिकॉर्ड को तोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया।
ईशान किशन ने भी बनाया शतक
वहीं झारखंड के ईशान किशन का नाम दूसरे नंबर पर आ गया है। ईशान किशन ने कर्नाटक के खिलाफ 33 गेंदों में शतक लगाया था। यानी एक ही दिन में तीन ऐसे शतक देखने को मिले, जिन्होंने भारतीय घरेलू क्रिकेट की तस्वीर ही बदल दी। अगर भारतीय लिस्ट-A क्रिकेट के तेज़ शतकों की बात करें, तो इस खास सूची में यूसुफ पठान का नाम भी आता है, जिन्होंने 2010 में 40 गेंदों में शतक लगाया था। इसके अलावा उर्विल पटेल ने 2023 में 41 गेंदों में और अभिषेक शर्मा ने 2021 में 42 गेंदों में शतक जड़कर अपनी पहचान बनाई थी। अब इस लिस्ट में वैभव सूर्यवंशी, साकिबुल गनी और ईशान किशन जैसे नाम और भी चमकदार हो गए हैं।
574 का विशाल स्कोर किया खड़ा
मैच की बात करें तो बिहार की टीम ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 574 रन बना डाले। यह मेंस लिस्ट-A क्रिकेट का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले सिर्फ एक बार 500 से ज्यादा रन बने थे, जब 2022 में तमिलनाडु ने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ 505 रन बनाए थे। लेकिन बिहार ने उस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया और नया इतिहास रच दिया। बिहार की प्लेइंग-11 में वैभव सूर्यवंशी, साकिबुल गनी, आयुष लोहारुका, मंगल महरौर, पीयूष सिंह, आकाश राज, बिपिन सौरभ, सूरज कश्यप, हिमांशु तिवारी, साबिर खान और बादल कनौजिया शामिल थे। वहीं अरुणाचल प्रदेश की टीम की कमान कामशा यांगफो के हाथों में थी।