लखीसराय में मतदान के दौरान हंगामा, गाड़ियों पर पथराव और गोबर फेंका गया पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले।

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के दौरान लखीसराय जिले में बड़ा बवाल देखने को मिला। यहां मतदान के बीच डिप्टी सीएम और बीजेपी उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा और राजद एमएलसी अजय कुमार सिंह आमने-सामने आ गए। दोनों नेताओं के बीच सड़क पर तीखी बहस हुई और एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए गए।
विजय कुमार सिन्हा की गाड़ी पर कुछ लोगों ने पथराव और गोबर फेंका, जिससे वहां अफरातफरी मच गई। बताया जा रहा है कि यह हमला RJD समर्थकों की ओर से हुआ। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग किया।
कहासुनी कैसे शुरू हुई
घटना नदियावां इलाके की बताई जा रही है, जहां डिप्टी सीएम सिन्हा मतदान केंद्रों का जायजा लेने पहुंचे थे। उसी समय वहां राजद नेता अजय कुमार सिंह भी मौजूद थे। दोनों की मुलाकात होते ही माहौल गरम हो गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, विजय सिन्हा ने अजय सिंह पर आरोप लगाया कि वे दारू पीकर बूथ पर हंगामा करने आए हैं। इस पर अजय सिंह भड़क गए और बोले,”तुम अपने आप को क्या समझते हो?” इसके बाद दोनों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को बीच-बचाव करना पड़ा।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है जिसमें डिप्टी सीएम अजय सिंह से कह रहे हैं ,“दारू पीकर हंगामा क्यों कर रहे हो?” इस पर अजय सिंह पलटकर जवाब देते हैं “तुम्हारी जमानत जब्त हो गई है, 14 नवंबर को तुम्हारा नशा उतार दूंगा।”
एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप
विजय कुमार सिन्हा ने मीडिया से कहा कि “अजय सिंह बूथ कब्जाने की कोशिश कर रहे थे और शराब के नशे में बकवास कर रहे थे। उनके अनुसार, “हम जब पहुंचे तो उन्होंने हमारी गाड़ी के सामने अपनी कार खड़ी कर दी। मुंह से शराब की बदबू आ रही थी। अधिकारी को बुलाने के लिए कहा ताकि जांच हो सके।”
वहीं, अजय सिंह ने पलटवार करते हुए कहा कि “विजय सिन्हा हार की बौखलाहट में हैं। उन्होंने कहा, “हमारी गाड़ी को रोककर गुंडागर्दी की गई। हमला हुआ होने का जो ड्रामा रचा जा रहा है, वह पूरी तरह फर्जी है। सच यह है कि डिप्टी सीएम खुद तनाव फैलाने की कोशिश कर रहे थे।” अजय सिंह ने यह भी कहा कि “वे सिर्फ इसलिए वहां पहुंचे थे ताकि बीजेपी के कार्यकर्ता जो पैसे बांट रहे थे, उन्हें रोका जा सके।”

मौके पर क्या हुआ
हंगामे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों नेताओं को अलग किया। सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति को काबू में लिया ताकि मतदान प्रभावित न हो।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, “दोनों पक्षों में बहस जरूर हुई, लेकिन किसी को गंभीर चोट नहीं आई। जांच चल रही है कि पथराव किसने किया।” मतदान केंद्र के बाहर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई थी, लेकिन बाद में हालात सामान्य हो गए। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है।
अजय सिंह की सफाई
अजय सिंह ने अपनी तरफ से कहा कि उन पर लगाया गया हर आरोप झूठा है। उन्होंने कहा, “विजय सिन्हा की हार तय है। इसी बौखलाहट में वह अब झूठे ड्रामे कर रहे हैं। उन्होंने खुद भीड़ को भड़काया और अब हम पर दोष मढ़ रहे हैं।”
डिप्टी सीएम ने क्या कहा
डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने बाद में प्रेस से बात करते हुए कहा कि यह सब राजद की गुंडागर्दी का नतीजा है। उन्होंने कहा, “राजद के लोगों का काम ही गुंडई करना है। अजय सिंह शराब के नशे में बूथ कब्जाने गए थे। हम वहां पहुंचे तो वो भाग गए। यह हमला हमारी आवाज़ दबाने की कोशिश थी।” अजय सिंह ने प्रशासन से मांग की कि पूरी घटना की जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।