37 के हुए किंग कोहली! ये हैं विराट कोहली के वो रिकॉर्ड जिन्हें तोड़ पाना है नामुमकिन
विराट कोहली सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि खेल को नई पहचान देने वाले क्रिकेटर हैं। विराट ने अपने करियर में ऐसा मुकाम हासिल किया है, जहां वो सिर्फ भारत की उम्मीद नहीं, बल्कि खेल जगत के लिए प्रेरणा बन चुके हैं। उनकी कहानी अब सिर्फ रन या रिकॉर्ड तक सीमित नहीं है, बल्कि यह निरंतर मेहनत, आत्मविश्वास और अनुशासन की मिसाल है।
पश्चिमी दिल्ली की गलियों से शुरू हुआ ये सफर आज क्रिकेट की दुनिया के एक अलग मुकाम पर है। हर पारी में विराट एक नया मानक स्थापित करते हैं और युवाओं को सिखाते हैं कि निरंतरता और लगन से कोई भी सपना हकीकत बन सकता है।

विराट के नाम दर्ज हैं रिकॉर्ड:
1. सबसे ज़्यादा वनडे शतक
विराट कोहली ने वनडे क्रिकेट में 51 शतक लगाए हैं। उन्होंने इस मामले में सचिन तेंदुलकर को भी पीछे छोड़ दिया है।
2. 10,000 रन बनाने वालों में सबसे ऊँचा औसत
वनडे क्रिकेट में जिन बल्लेबाज़ों ने 10,000 से ज़्यादा रन बनाए हैं, उनमें कोहली का औसत सबसे बेहतर है। यह उनकी लगातार शानदार बल्लेबाज़ी को दिखाता है।
3. किसी भारतीय की ओर से सबसे ज़्यादा दोहरे शतक
टेस्ट क्रिकेट में विराट कोहली ने 7 डबल सेंचुरी लगाई हैं। इतने दोहरे शतक बनाने वाले वे एकमात्र भारतीय बल्लेबाज़ हैं।
4. आईपीएल के एक सीज़न में सबसे ज़्यादा रन
विराट ने 2016 के आईपीएल सीज़न में 973 रन बनाए थे। यह आज तक किसी भी खिलाड़ी का सबसे बड़ा स्कोर है एक सीज़न में।
5. टेस्ट रेटिंग में सबसे ऊँचे अंक पाने वाले भारतीय
कोहली ने 937 ICC रेटिंग पॉइंट्स हासिल किए थे, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज़ के लिए सबसे ऊँची रैंकिंग है।
6. विदेशी धरती पर एक सीरीज़ में सबसे ज़्यादा शतक
2014 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (ऑस्ट्रेलिया) में विराट ने 4 शतक लगाए थे। ऑस्ट्रेलिया की धरती पर विराट के दबदबे की शुरुआत भर थी।
7. लगातार सबसे ज़्यादा टेस्ट सीरीज़ जीतने वाले कप्तान
कोहली की कप्तानी में भारत ने लगातार 9 टेस्ट सीरीज़ जीतीं। यह रिकॉर्ड उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग के साथ साझा किया।
8. सबसे तेज़ 10,000 वनडे रन
विराट कोहली ने सिर्फ 205 पारियों में 10,000 रन पूरे किए। यह विश्व रिकॉर्ड है — किसी ने उनसे तेज़ यह मुकाम नहीं पाया।
9. सबसे तेज़ 27,000 अंतरराष्ट्रीय रन
विराट ने कुल 594 पारियों में 27,000 रन पूरे किए — यह बताता है कि वे हर फॉर्मेट में कितने लगातार सफल रहे हैं।
10. विदेशी मैदानों पर सबसे सफल भारतीय कप्तान
कोहली की कप्तानी में भारत ने ऑस्ट्रेलिया, वेस्ट इंडीज़ और श्रीलंका में सीरीज़ जीतकर विदेश में जीत की नई मिसाल कायम की।

विराट का करियर
विराट कोहली का करियर आँकड़ों में देखें तो यह किसी कहानी से कम नहीं है। उन्होंने अब तक 553 मैच खेले हैं और 620 पारियाँ खेली हैं, जिनमें 90 बार नॉट आउट रहे। कुल 27,673 रन उनके नाम हैं, औसत 52.21 के साथ। उनका सबसे बड़ा स्कोर 254 नॉट आउट है। 2,728 चौके और 306 छक्के लगाए। उनके नाम 82 शतक, 144 अर्धशतक, 16 बार 150+ स्कोर और 7 डबल सेंचुरी दर्ज हैं। बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी उन्होंने 9 विकेट लिए हैं, 339 कैच पकड़े हैं और कप्तान के तौर पर 137 मैच जीते हैं।
कोहली को अब तक 69 बार “मैन ऑफ द मैच” और 21 बार “मैन ऑफ द सीरीज़” चुना गया है, जो उनके दबदबे को दिखाता है। उन्होंने अपने करियर में 399 बार पचास से ऊपर की पार्टनरशिप, 137 शतकीय साझेदारियाँ, 23 दोहरी और एक तिहरी साझेदारी की है। यानी उन्होंने सिर्फ रन नहीं बनाए, बल्कि टीम के साथ मिलकर इतिहास रचा है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर उन्हें 15 बार ICC मैन ऑफ द मैच और 3 बार ICC प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का सम्मान मिला — जो साबित करता है कि विराट कोहली सिर्फ खिलाड़ी नहीं, बल्कि क्रिकेट के आधुनिक युग के एक प्रतीक हैं।
ये उपलब्धि है विराट के नाम
विराट कोहली का क्रिकेट सफर उपलब्धियों से भरा हुआ है। 2008 में उन्होंने भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताकर पहचान बनाई। इसके बाद 2010 और 2016 में एशिया कप, 2011 वर्ल्ड कप, 2013 चैंपियंस ट्रॉफी, 2023 एशिया कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप और अब 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जिताने में विराट का अहम योगदान रहा है।
कोहली को देश और दुनिया से कई सम्मान मिले हैं — अर्जुन अवॉर्ड, पद्म श्री और राजीव गांधी खेल रत्न उनमें प्रमुख हैं। वह 1493 दिन तक दुनिया के नंबर-1 वनडे बल्लेबाज़ रहे, 1012 दिन टी20 में और 469 दिन टेस्ट में। उन्होंने ICC Cricketer of the Decade (2011-2020) का खिताब भी जीता। साथ ही उन्हें 2017 और 2018 में ICC Cricketer of the Year और कई बार ODI Player of the Year चुना गया।
37 साल की उम्र में भी विराट कोहली का जज़्बा कम नहीं हुआ है। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले दो वनडे में शून्य पर आउट होने के बाद उन्होंने तीसरे मैच में शानदार वापसी की। उन्होंने नाबाद 74 रन बनाकर रोहित शर्मा के साथ 150 रनों की साझेदारी की और भारत को मैच में जीत दिलाई।
