जमैका पर कहर बनकर टूटा मेलिसा तूफान, “300 KM/H की रफ्तार से आयी सदी की सबसे बड़ी तबाही !

कैरेबियन देश जमैका में इस समय प्रकृति का भीषण प्रकोप देखने को मिल रहा है। मंगलवार को कैटेगरी-5 का भीषण हरिकेन ‘मेलिसा’ करीब 185 मील प्रति घंटा (300 किमी/घंटा) की रफ्तार से जमैका के दक्षिण-पश्चिमी तट न्यू होप से टकराया है। अमेरिकी नेशनल ह्यूरिकेन सेंटर के मुताबिक, यह जमैका के 174 साल के इतिहास का सबसे शक्तिशाली तूफान बताया जा रहा है।
तूफान से अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि हैती और डोमिनिकन रिपब्लिक में भी यह तूफान भारी तबाही मचा चुका है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यह तूफान आने वाले घंटों में पूरे देश को तबाह कर सकता है।
प्रधानमंत्री एंड्रयू होलनेस ने दी चेतावनी
प्रधानमंत्री एंड्रयू होलनेस ने कहा,“यह तूफान जमैका के लिए विनाशकारी साबित होगा। दुनिया में ऐसा कोई इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं है जो कैटेगरी-5 तूफान का सामना बिना नुकसान के कर सके।” उन्होंने बताया कि दक्षिणी इलाकों में तेज हवाएं और भीषण बारिश जारी है। प्रधानमंत्री ने लोगों से घरों में रहने और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
आपदा प्रबंधन अधिकारियों की अपील
राजधानी किंग्स्टन की सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। हवा के तेज झोंकों और लगातार बारिश के कारण लोग घरों में दुबके हुए हैं।आपदा प्रबंधन परिषद के उपाध्यक्ष डेसमंड मैकेंजी ने लोगों से अपील की, “यह बहादुरी दिखाने का वक्त नहीं है, कृपया घरों में सुरक्षित रहें।”
क्या है कैटेगरी–5 हरिकेन तूफान?
कैटेगरी-5 हरिकेन सबसे विनाशकारी तूफान होता है। इसमें हवाओं की गति 157 मील प्रति घंटा (252 किमी/घंटा) या उससे अधिक होती है। ऐसे तूफान में
घर पूरी तरह नष्ट हो सकते हैं,छतें उड़ जाती हैं,समुद्र में कई मीटर ऊंची लहरें उठती हैं और तटीय इलाकों में भारी बाढ़ आती है।
इस स्तर के तूफान में बिजली और संचार सेवाएं पूरी तरह ठप हो जाती हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, क्यूबा में 6 लाख और जमैका में 28,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है।
24 घंटे में ‘मेलिसा’ बना कैटेगरी–5 तूफान
‘मेलिसा’ ने शनिवार को 120 किमी/घंटा की रफ्तार से चलना शुरू किया था। रविवार रात तक इसकी रफ्तार 225 किमी/घंटा हो गई। सोमवार रात यह बढ़कर 260 किमी/घंटा पहुंच गई जिसके बाद यह कैटेगरी–5 तूफान में तब्दील हो गया। इतनी तेज हवाओं से मजबूत कंक्रीट की इमारतें भी क्षतिग्रस्त हो सकती हैं, पेड़ उखड़ जाते हैं और बिजली के खंभे गिर जाते हैं। समुद्र में तूफानी ज्वार कई मीटर ऊंचाई तक उठ रहे हैं। 2025 में अब तक 4 कैटेगरी-5 तूफान दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें मेलिसा सबसे ताकतवर माना जा रहा है।
आपातकाल घोषित, हवाई सेवाएं ठप
सरकार ने देश में राष्ट्रीय आपदा आपातकाल घोषित कर दिया है।सभी एयरपोर्ट बंद कर दिए गए हैं।
सार्वजनिक परिवहन सेवाएं निलंबित हैं। बचाव टीमें तैयार हैं ताकि मौसम सामान्य होते ही राहत अभियान शुरू किया जा सके।
बिजली गुल, हजारों लोग बेघर
मौसम विज्ञान सेवा के अधिकारी रोहन ब्राउन ने कहा कि लोग घरों से बाहर न निकलें। लगभग 15,000 लोग आश्रयों में हैंऔर करीब 5 लाख लोग बिना बिजली के हैं। हालात इतने भयावह हैं कि तेज हवा का शोर लगातार गूंज रहा है, लोग चिंता और भय में घरों में टिके रहने की कोशिश कर रहे हैं। यह भीषण ‘मेलिसा’ तूफान अब तक की सदी का सबसे ताकतवर हरिकेन बन चुका है, जिसने पूरे कैरेबियन क्षेत्र में भय और तबाही की लहर दौड़ा दी है।
20 दिनों में नौकरी का कानून, भूमिहीनों को भूमि , जाने महागठबंधन की घोषणा पत्र में किसके लिए क्या।