वर्ल्ड कप सेमीफाइनल से पहले शर्मनाक वारदात, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल; सरकार और विपक्ष आमने-सामने

मध्य प्रदेश के इंदौर से आई यह घटना पूरे देश के लिए शर्म का कारण बन गई है। वर्ल्ड कप सेमीफाइनल से पहले ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की दो खिलाड़ियों के साथ छेड़छाड़ की वारदात ने न केवल शहर बल्कि पूरे देश की प्रतिष्ठा को धक्का पहुँचाया है। अच्छी बात यह रही कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सिर्फ छह घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल जरूर खोल दी है।
क्या हैं पूरा मामला
ऑस्ट्रेलियाई महिला क्रिकेट टीम की दो खिलाड़ी होटल रैडिसन ब्लू से खजराना रोड स्थित एक कैफे की ओर पैदल जा रही थीं। इस दौरान एक युवक, जिसने सफेद शर्ट और काली कैप पहन रखी थी, बाइक पर उनका पीछा करने लगा। कुछ देर पीछा करने के बाद उसने एक खिलाड़ी के साथ अश्लील हरकत की और वहां से भाग निकला।
घबराई हुई खिलाड़ियों ने तुरंत अपनी टीम के सुरक्षा अधिकारी डैनी सिमंस को मैसेज और कॉल किया। सिमंस ने बताया, “जब मैंने उनका मैसेज पढ़ा, उसी वक्त एक खिलाड़ी का फोन आया। वह रो रही थी और बोली ‘किसी ने हमें छेड़ा’। मैंने तुरंत कार भेजकर दोनों को होटल वापस बुला लिया।”

पुलिस की कार्रवाई
घटनास्थल पर मौजूद एक व्यक्ति ने आरोपी की बाइक का नंबर नोट कर लिया, जिससे पुलिस को बड़ी मदद मिली। एमआईजी थाना पुलिस ने डैनी सिमंस की शिकायत पर केस दर्ज किया और विजय नगर, खजराना, कनाडिया और परदेशीपुरा थानों की टीमें जांच में लगाई गईं।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपी की पहचान खजराना निवासी अकील के रूप में हुई। पुलिस ने शुक्रवार शाम आज़ाद नगर इलाके से उसे गिरफ्तार कर लिया। बताया गया कि आरोपी पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसकी जमकर पिटाई भी की।
एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि पुलिस अब यह जांच रही है कि सुरक्षा व्यवस्था में आखिर चूक कहाँ हुई, जबकि इतने बड़े टूर्नामेंट के दौरान सुरक्षा इंतजाम कड़े रहने चाहिए थे।
सुरक्षा में बड़ी चूक
घटना के बाद होटल से स्टेडियम तक पूरे रूट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस आयुक्त संतोष सिंह ने सुरक्षा एजेंसियों को फटकार लगाई और इंटेलिजेंस विंग से रिपोर्ट तलब की है। उन्होंने साफ कहा कि “अंतरराष्ट्रीय स्तर की टीम के आने पर ऐसी घटनाएं अस्वीकार्य हैं।” अब महिला खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, और सभी विदेशी टीमों के लिए सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा भी की जा रही है। एमपीसीए अध्यक्ष सिंधिया बोले “मन व्यथित और दुखी है।”
नेताओं के बयान
मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) के अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया ने इस घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा, “इंदौर में ऑस्ट्रेलियाई महिला खिलाड़ियों के साथ हुई यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और पीड़ादायक है। हमारा शहर सदैव अतिथियों के सम्मान के लिए जाना जाता है, लेकिन एक व्यक्ति के व्यवहार ने इस प्रतिष्ठा को आघात पहुँचाया है।”
बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने इस घटना को इंदौर की साफ-सुथरी छवि को बिगाड़ने की साजिश बताते हुए एक तीखा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि “आरोपी अकील को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे चार जूते मारकर जेल में डाला है। शर्मा ने चेतावनी दी कि अकील को ऐसी सजा मिलेगी की एक नजीर बनेगी।”
शर्मा ने कहा, “मैं कट्टरपंथी मुसलमानों को बता देना चाहता हूं कि देश की छवि बिगाड़ने में लगे क्यों हो?” उन्होंने याद दिलाया कि जो इंदौर देशभर में स्वच्छता के लिए जाना जाता है, वहां कोरोना के समय “तुम डॉक्टरों पर थूकते हो।”
विपक्ष का हमला – कानून व्यवस्था ध्वस्त
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस घटना को राज्य की बिगड़ती कानून व्यवस्था का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा, “यह घटना हम सबके लिए शर्मनाक है। मध्य प्रदेश में अब कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची। मुख्यमंत्री को तत्काल संज्ञान लेकर दोषियों को सख्त सजा दिलानी चाहिए।” पटवारी ने आगे कहा कि यह पहली घटना नहीं है, राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार की उदासीनता के कारण अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से उच्चस्तरीय जांच समिति गठित करने और रात्रिकालीन गश्त मजबूत करने की मांग की।
तृणमूल कांग्रेस का बयान – देश की छवि को नुकसान
टीएमसी नेता कुणाल घोष ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा, “यह बेहद शर्मनाक है। भारत आए ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के साथ ऐसी घटना होना विश्व स्तर पर देश की छवि को धूमिल करता है। भाजपा की डबल इंजन सरकार के बावजूद महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति चिंताजनक है।” उन्होंने राज्य पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की, लेकिन साथ ही कहा कि सरकार को अपने सुरक्षा प्रोटोकॉल की समीक्षा करनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

कैलाश विजयवर्गीय बोले – सख्त सजा दी जाएगी
राज्य के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “यह इंदौर और पूरे देश के लिए शर्मनाक है। आरोपी अकील को गिरफ्तार कर लिया गया है और मैंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उसे सख्त सजा दी जाए, ताकि यह मिसाल बने कि ऐसी हरकत दोबारा करने की कोई हिम्मत न करे।”
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने साधा भाजपा पर निशाना
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा कि भाजपा महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर चुनिंदा राजनीति करती है। “अगर ऐसी घटना किसी कांग्रेस शासित राज्य में होती, तो भाजपा सड़कों पर उतर जाती। लेकिन जब अपने राज्य में ऐसा होता है, तो सब खामोश रहते हैं। महिलाओं की सुरक्षा किसी पार्टी का नहीं, पूरे देश का मुद्दा है।” खेड़ा ने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे महिलाओं की सुरक्षा के लिए एकजुट होकर नीति बनाएं और सख्ती से लागू करें।

खेल मंत्री विश्वास सारंग का बयान
मध्य प्रदेश के खेल मंत्री विश्वास सारंग ने कहा, “यह घटना बेहद निंदनीय है। सभ्य समाज में ऐसी घटनाओं के लिए कोई जगह नहीं है। आरोपी गिरफ्तार हो चुका है और प्रशासन ऐसी कार्रवाई करेगा कि भविष्य में कोई ऐसी हरकत करने की सोच भी न सके।”
शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी की प्रतिक्रिया
शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा, “हम आर्थिक विकास की बातें करते हैं, लेकिन अगर महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करतीं, तो यह शर्म की बात है। यह घटना हमारे समाज की मानसिकता पर सवाल उठाती है।”