मैं मैदान पर कार्टून की तरह खड़ा रहा, एसीसी बैठक में बोले: मोहसिन नक़वी! नहीं दी भारतीय टीम को बधाई
एशिया कप 2025 का फाइनल भले ही भारत ने जीत लिया हो, लेकिन पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन के दौरान हुए बड़े विवाद ने अब एशियाई क्रिकेट काउंसिल (ACC) की बैठक में तूल पकड़ लिया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सीधे तौर पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के अध्यक्ष और ACC प्रमुख मोहसिन नक़वी पर निशाना साधा और ट्रॉफी न दिए जाने का कड़ा विरोध जताया।
‘यह किसी की निजी ट्रॉफी नहीं’: राजीव शुक्ला
बैठक में BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने मोहसिन नक़वी का जमकर घेराव किया। शुक्ला ने स्पष्ट किया कि “यह ट्रॉफी एशियाई क्रिकेट काउंसिल की है, इस पर किसी का कोई निजी हक नहीं है।” उन्होंने आगे कहा कि ट्रॉफी विजेता टीम को सम्मानपूर्वक सौंपी जानी चाहिए थी और अब इस मामले पर कड़ा एक्शन लिया जाएगा।
नक़वी सवालों से बचते दिखे
जब बीसीसीआई प्रतिनिधियों ने इस मुद्दे पर सवाल उठाए, तो नक़वी सवालों से बचते नज़र आए। उन्होंने अपना बचाव करते हुए कहा कि, “मैं पोडियम पर कार्टून की तरह खड़ा रहा, भारतीय टीम मुझे ट्रॉफी लेने नहीं आई।” उन्होंने यह भी कहा कि भारत की ओर से उन्हें लिखित में कोई सूचना नहीं दी गई थी कि भारतीय टीम उनके हाथों से ट्रॉफी नहीं लेगी।
जीत की बधाई देने से इनकार
बैठक के दौरान, नक़वी ने भारत को एशिया कप में जीत की बधाई तक नहीं दी। इस पर BCCI प्रतिनिधि आशीष शेलार ने नक़वी से भारतीय टीम को बधाई देने के लिए कहा। लेकिन नक़वी ने इसके बावजूद भारत को नज़रअंदाज़ किया और केवल नेपाल तथा मंगोलिया को ACC में शामिल होने की बधाई दी।
ट्रॉफी पर तीखी बहस
ACC की बैठक में ट्रॉफी को लेकर जबरदस्त गरमा-गरमी देखने को मिली। बीसीसीआई की ओर से साफ़ कहा गया कि “ट्रॉफी हमें चाहिए, ट्रॉफी हम किसी भी हालत में लेकर रहेंगे।”
जब नक़वी ने इस मामले पर बाद में चर्चा करने की बात कही, तो बीसीसीआई ने स्पष्ट जवाब दिया कि “इस मामले में कोई चर्चा नहीं होगी। ट्रॉफी हमारी है जिसे हम हर हाल में लेकर रहेंगे।” हालांकि, इसके बावजूद नक़वी ने ट्रॉफी देने से इनकार कर दिया।
BCCI करेगी ICC में शिकायत
इस पूरे विवाद को देखते हुए, BCCI ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि वह इस मामले को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) में अपनी औपचारिक शिकायत दर्ज कराएगी और कड़े एक्शन की मांग करेगी।