खेसारी लाल यादव का पलटवार, “सम्राट चौधरी पहले अपने घर झांकें, नचनिया होना शर्म नहीं, गर्व है!
बिहार विधानसभा चुनाव के बीच बयानों की जंग तेज, खेसारी बोले “अगर मैं नाचने वाला हूं तो इस पर मुझे गर्व है”, वहीं मनोज तिवारी ने कहा, “हर पार्टी का अपना फैसला है।”

बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे करीब आ रहे हैं, नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में अब भोजपुरी सुपरस्टार और राजद प्रत्याशी खेसारी लाल यादव ने डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी पर बड़ा पलटवार किया है। दरअसल, सम्राट चौधरी ने कुछ दिनों पहले खेसारी लाल यादव को नाचने वाला’ कहकर तंज कसा था। अब खेसारी ने इस टिप्पणी पर तीखा जवाब दिया है। जिसने सियासी माहौल को और गरमा दिया है।
खेसारी लाल यादव बोले – “पहले अपने घर देखें सम्राट चौधरी!”
एक न्यूज एजेंसी से बातचीत के दौरान खेसारी ने कहा,“सम्राट भैया पहले अपने घर में झांक कर देखें, उनकी पार्टी ने पिछले चुनावों में चार नाचने वालों को टिकट क्यों दिया था? मेरे ऊपर उंगली उठाने से पहले वह अपने आस-पास देखें।” हालांकि, खेसारी ने सम्राट चौधरी के प्रति सम्मान भी जताया और कहा कि “सम्राट भैया मेरे बड़े हैं, मुझे उनका आशीर्वाद चाहिए। लेकिन उनकी भाषा उनके माहौल को दिखाती है। मेरी परवरिश ऐसी नहीं कि मैं किसी के खिलाफ गलत बोलूं।” खेसारी बोले, “नाचने वाला हूं, इस पर गर्व है”
सम्राट चौधरी की नचनिया वाली टिप्पणी पर खेसारी ने बेहद शांत लेकिन तीखे लहजे में जवाब दिया। उन्होंने कहा, “अगर मैं नाचने वाला हूं तो मुझे उस पर गर्व है। मैं कलाकार हूं और कला किसी से कम नहीं। संगीत और कला ही समाज को जोड़ती है। अगर संगीत न होता, तो लोग खुश रहना भूल जाते।” उन्होंने आगे कहा कि “कुछ लोग कलाकारों को नीचा दिखाकर खुद को ऊंचा साबित करना चाहते हैं, लेकिन जनता सब जानती है।”
छपरा को बदलने का वादा –
खेसारी लाल यादव ने अपने चुनावी क्षेत्र छपरा को बिहार के सबसे विकसित इलाकों में बदलने का वादा किया। उन्होंने कहा, “मैं मरते दम तक बिहार के विकास के लिए काम करूंगा। अभी शुरुआत भर है, हमें बिहार को शुरुआत से शुरुआत करनी है।” उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता शिक्षा, रोज़गार और साफ-सुथरे प्रशासन पर रहेगी। खेसारी ने कहा कि “उनके लिए राजनीति किसी कुर्सी की लड़ाई नहीं, बल्कि जनता की सेवा का मंच है।”
गानों की अश्लीलता के आरोपों पर दी सफाई
खेसारी के गानों को लेकर विरोधियों ने अक्सर उन पर अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाया है। इस पर खेसारी ने स्पष्ट कहा कि, “मेरे गाने केवल मनोरंजन के लिए हैं, उनका राजनीति या विकास से कोई लेना-देना नहीं है। लोग मनोरंजन चाहते हैं, और मैं वही करता हूं। लेकिन मेरा मकसद अब बिहार के विकास की ओर है।”उन्होंने कहा कि जो लोग उनके गानों को मुद्दा बना रहे हैं, उन्हें पहले अपने काम का हिसाब देना चाहिए।
सम्राट चौधरी ने क्या कहा था
सम्राट चौधरी ने कुछ दिन पहले खेसारी लाल यादव पर टिप्पणी करते हुए कहा था,“राजद ने अब नाचने वालों को टिकट देना शुरू कर दिया है।” इस बयान के बाद से ही सोशल मीडिया पर बवाल मच गया था। खेसारी के समर्थकों ने इसे कलाकारों का अपमान बताया। अब खेसारी के जवाब के बाद यह विवाद और ज्यादा चर्चा में आ गया है।

मनोज तिवारी ने भी दी प्रतिक्रिया
भोजपुरी अभिनेता और भाजपा नेता मनोज तिवारी ने भी इस विवाद पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “खेसारी बाबू चुनाव लड़ रहे हैं, ये अच्छी बात है। मैं किसी पर टिप्पणी नहीं करूंगा, क्योंकि हम नैतिकता की राजनीति करते हैं। हर किसी का अपना रास्ता है, जो चाहे पार्टी चुने।”हालांकि उन्होंने सम्राट चौधरी की तारीफ करते हुए कहा कि “सम्राट जी ने बिहार के विकास के लिए काफी काम किया है। वे संघर्षशील और संन्यासी स्वभाव के व्यक्ति हैं।”
तेजस्वी यादव बनाम बीजेपी
इसी बीच भाजपा नेता मनोज तिवारी ने तेजस्वी यादव और राहुल गांधी पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा, “महागठबंधन अंदर से बिखर चुका है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव एक मंच पर नहीं आ पा रहे हैं। ये गठबंधन अब ‘बीमारू गठबंधन’ बन चुका है।” मनोज तिवारी ने दावा किया कि “जनता इस बार जाति या भावनाओं पर नहीं, बल्कि विकास के मुद्दे पर वोट देगी।”
खेसारी के लिए चुनाव बना प्रतिष्ठा की लड़ाई
छपरा सीट से राजद प्रत्याशी बने खेसारी लाल यादव के लिए यह चुनाव केवल राजनीति नहीं, बल्कि इज़्ज़त और जनभावना की लड़ाई बन गई है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब बदलाव चाहती है। “मैं राजनीति में मनोरंजन करने नहीं आया हूं, मैं यहां बदलाव करने आया हूं। बिहार के युवाओं को अब बाहर नहीं जाना पड़ेगा, यही मेरा सपना है।”
चुनावी मैदान में कलाकार बनाम नेता की जंग
बिहार की राजनीति इस वक्त बेहद दिलचस्प मोड़ पर है। एक तरफ भोजपुरी सिनेमा के बड़े स्टार राजनीति में उतर चुके हैं, तो दूसरी ओर पुराने नेता उनकी कला पर सवाल उठा रहे हैं।