एटलस बनाम क्रोम OpenAI ने पेश किया नया AI ब्राउज़र, जो खुद करेगा सर्च, शॉपिंग और काम जानिए कितना अलग है गूगल से!
गूगल को सीधी टक्कर देने के लिए OpenAI ने पेश किया नया ब्राउज़र ‘एटलस’। सैम ऑल्टमैन बोले — “अब सर्च करेगा AI, यूजर नहीं।” एजेंट मोड से फ्लाइट बुकिंग, डॉक्यूमेंट एडिटिंग और ऑनलाइन शॉपिंग तक सबकुछ ऑटोमैटिक। फिलहाल एप्पल सिस्टम पर फ्री, लेकिन एडवांस फीचर्स सिर्फ ChatGPT Plus और Pro यूज़र्स के लिए।

एआई की दुनिया में एक बार फिर हलचल मच गई है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में अग्रणी कंपनी OpenAI ने दुनिया के सबसे लोकप्रिय वेब ब्राउज़र Google Chrome को सीधी चुनौती देते हुए अपना नया AI संचालित वेब ब्राउज़र ‘ Atlas ‘ लॉन्च कर दिया है। OpenAI के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने एक लाइव प्रेजेंटेशन में इस ब्राउज़र की शुरुआत की। उन्होंने इसे सिर्फ एक ‘ब्राउज़र ‘ नहीं बल्कि ChatGPT आधारित इंटेलिजेंट एजेंट बताया, जो उपयोगकर्ता के लिए इंटरनेट पर काम करेगा, जानकारी जुटाएगा और यहां तक कि आपके लिए टास्क भी पूरा कर सकता है।
AI का जवाब AI से
पिछले दो सालों में Google ने अपने सर्च इंजन और प्लेटफॉर्म्स में AI फीचर्स जोड़कर OpenAI को कड़ी टक्कर दी है। लेकिन अब OpenAI ने ‘ एटलस ‘के जरिए गूगल को उसी के मैदान में चुनौती दी है। ऑल्टमैन ने कहा, “हम चाहते हैं कि लोग इंटरनेट का इस्तेमाल सिर्फ सर्च करने के लिए नहीं बल्कि काम पूरा करने के लिए करें। एटलस यही बदलाव लाएगा।”
दरअसल, एटलस में मौजूद ChatGPT इंजन उपयोगकर्ता के सवालों को समझकर अपने आप ब्राउज़र पर सर्च करता है और फिर परिणाम को आसान भाषा में समझाकर बताता है। इसे उन्होंने नाम दिया है, ‘एजेंट मोड’।

क्या है एजेंट मोड?
‘एजेंट मोड’ एटलस का सबसे आकर्षक और चर्चित फीचर है। यह मोड ChatGPT को आपके स्थान पर काम करने की शक्ति देता है। उदाहरण के लिए, अगर आप कहते हैं — “मुझे दिल्ली से मुंबई की फ्लाइट टिकट बुक करनी है”, तो ChatGPT एजेंट खुद एयरलाइन साइट्स पर जाएगा, किराया तुलना करेगा, और बुकिंग की प्रक्रिया शुरू करेगा। इसी तरह यह रेस्तरां बुकिंग, होटल रिज़र्वेशन, ऑनलाइन शॉपिंग, या डॉक्यूमेंट एडिटिंग जैसे काम भी कर सकता है।
फिलहाल यह फीचर केवल ChatGPT Plus, Pro और Enterprise यूज़र्स के लिए उपलब्ध है। ऑल्टमैन ने बताया कि भविष्य में इसे आम यूज़र्स के लिए भी रोल आउट करने की योजना है।
कैसे काम करता है एटलस ब्राउज़र?
एटलस का इंटरफेस बेहद आधुनिक और उपयोगकर्ता-अनुकूल है। जैसे ही आप किसी वेबसाइट को खोलते हैं, स्क्रीन दो हिस्सों में बंट जाती हैं।
- बाईं ओर वेबसाइट का वास्तविक कंटेंट दिखता है।
- दाईं ओर ChatGPT चैट बॉक्स, जो पेज का सारांश, विश्लेषण या सुझाव देता है।
इसे कंपनी ने नाम दिया है ‘ कंपैनियन मोड ‘, यानी ChatGPT हर वक्त आपके साथ रहेगा। अगर आपको यह फीचर नहीं चाहिए, तो आप इसे एक क्लिक में बंद भी कर सकते हैं। इसके अलावा, ब्राउज़र में ‘ कर्सर चैट ‘ नामक एक और दिलचस्प फीचर है। उदाहरण के लिए, अगर आप किसी ईमेल के टेक्स्ट को चुनकर “इसका प्रोफेशनल वर्ज़न बना दो” लिखते हैं, तो ChatGPT उसी समय बेहतर ड्राफ्ट तैयार कर देगा।

डेटा प्राइवेसी और इंकॉग्निटो मोड
OpenAI ने बताता हैं कि एटलस में यूज़र डेटा पूरी तरह सुरक्षित रहेगा। इसमें ‘ इंकॉग्निटो मोड ‘भी है, जिससे आप बिना किसी ट्रैकिंग के इंटरनेट इस्तेमाल कर सकते हैं। यूज़र्स को अपनी मेमोरी सेटिंग्स पर पूरा नियंत्रण दिया गया हैं। आप चाहें तो ChatGPT को यह अनुमति दे सकते हैं कि वह आपके ब्राउज़िंग पैटर्न को याद रखे ताकि भविष्य में सुझाव और बेहतर दे सके, या फिर सबकुछ ऑफ करके निजी मोड में रह सकते हैं।
ऑल्टमैन के शब्दों में, “हम नहीं चाहते कि लोग तकनीक से डरें। हम चाहते हैं कि तकनीक उनकी सेवा करे।”
किन – किन प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है एटलस?
अभी के लिए एटलस केवल ‘ macOS ‘ पर उपलब्ध कराया गया है और यह बिल्कुल फ्री है। ऑल्टमैन ने कहा कि ” जल्द ही इसे Windows और मोबाइल डिवाइस के लिए भी लॉन्च किया जाएगा। उन्होंने फिलहाल कोई निश्चित तारीख नहीं बताई, लेकिन कहा कि “हम पूरी गति से इस दिशा में काम कर रहे हैं।”
दरहसल, आपको बता दें, एजेंट मोड और कुछ उन्नत फीचर्स केवल ChatGPT Plus या Pro यूज़र्स के लिए हैं। यानी, अगर आप फ्री वर्ज़न इस्तेमाल कर रहे हैं, तो आपको बेसिक चैट और ब्राउज़िंग इंटेलिजेंस तक ही एक्सेस मिलेगा।
कैसे करें उपयोग?
अगर आप Mac यूज़र हैं, तो OpenAI की वेबसाइट से एटलस डाउनलोड कर सकते हैं। इंस्टॉलेशन के बाद यह आपको अपने पुराने ब्राउज़र (जैसे Chrome, Safari या Firefox) से बुकमार्क्स, हिस्ट्री और पासवर्ड्स इम्पोर्ट करने का विकल्प देगा। एक बार सेटअप पूरा होते ही आपको साइडबार में “Ask ChatGPT” टैब दिखेगा, जो आपके लिए किसी भी वेबपेज की जानकारी समझाने, तुलना करने या उसका सारांश निकालने का काम करेगा।
अगर आप प्लस यूज़र हैं, तो ‘ Agent Mode ‘ ऑन करने के बाद एटलस आपकी जगह काम करना शुरू कर देगा। जैसे ऑनलाइन फॉर्म भरना, शॉपिंग लिस्ट तैयार करना या किसी वेबसाइट पर डेटा खोजना।

ऑनलाइन शॉपिंग और डॉक्यूमेंट हैंडलिंग में भी मददगार
एटलस सिर्फ जानकारी ढूंढने तक सीमित नहीं है, यह आपके डिजिटल असिस्टेंट की तरह व्यवहार करता है। ऑनलाइन शॉपिंग के दौरान यह प्रोडक्ट्स की तुलना कर सकता है, कूपन कोड खोज सकता है, या आपके लिए कार्ट तक भर सकता है। डॉक्यूमेंट एडिटिंग में यह आपके लिए ईमेल्स, रिपोर्ट्स या सोशल मीडिया पोस्ट्स को एडिट कर, बेहतर शब्दों में ढाल सकता है।
OpenAI ने पहले भी इस दिशा में ChatGPT Agents और Operator Tools जैसे प्रयोग किए थे, लेकिन एटलस ने उन सीमाओं को तोड़ दिया है। अब यह टूल सीधे इंटरनेट से जुड़ा हुआ है और पूरी तरह से इंटरएक्टिव है।
गूगल क्रोम के लिए चुनौती?
गूगल के पास दुनिया के लगभग 65% ब्राउज़र मार्केट शेयर है, और Chrome को अभी तक कोई भी चुनौती टिकाऊ रूप में नहीं मिल सकी थी। माइक्रोसॉफ्ट का Edge, Brave, Opera जैसे ब्राउज़र भी कुछ हद तक लोकप्रिय हुए, लेकिन Chrome की पकड़ मजबूत रही। अब OpenAI का एटलस एक नया ‘AI-First Browser ‘ बनकर सामने आया है, जो सर्च, असिस्टेंस और काम तीनों को एक जगह लाने का दावा करता है।
अगर एटलस को पर्याप्त स्थिरता और सुरक्षा मिलती है, तो यह भविष्य में ‘AI ब्राउज़िंग ‘ की नई दिशा तय कर सकता है। 
एटलस के लिए क्या है चुनौतियां
हालांकि सब कुछ परफेक्ट नहीं है। एटलस अभी अपने शुरुआती चरण में है, इसलिए इसमें कुछ बग्स और स्थिरता की समस्याएं हो सकती हैं। साथ ही, डेटा प्राइवेसी पर भी बहस चल रही है। क्योंकि ब्राउज़र के माध्यम से ChatGPT आपके सर्च और वेबसाइट इंटरैक्शन तक पहुंच सकता है। OpenAI ने कहा है कि “यूज़र के पास पूरा नियंत्रण रहेगा, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि ‘ AI ब्राउज़र ‘ की यह अवधारणा आगे चलकर नैतिकता और सुरक्षा के नए सवाल खड़े कर सकती है।
एटलस के कुछ नए फीचर्स
- ChatGPT आधारित इन-बिल्ट चैट असिस्टेंट
- एजेंट मोड – यूज़र के स्थान पर ऑनलाइन काम करने की क्षमता
- कंपैनियन मोड – दो-पैनल स्क्रीन (वेबपेज + चैट)
- कर्सर चैट – किसी टेक्स्ट को चुनकर तुरंत सुधार या पुनर्लेखन
- मेमोरी मैनेजमेंट और डेटा नियंत्रण विकल्प
- इंकॉग्निटो ब्राउज़िंग, ताकि कोई ट्रैकिंग न हो
- मैक यूज़र्स के लिए फ्री उपलब्धता, बाकी प्लेटफॉर्म्स जल्द
यह माना जा रहा हैं कि OpenAI का एटलस सिर्फ एक और ब्राउज़र नहीं हैं। जहाँ अब तक हम खुद सर्च करते थे, अब एक डिजिटल असिस्टेंट हमारे लिए वही काम करेगा। अगर Chrome ने वेब ब्राउज़िंग को आसान बनाया था, तो Atlas उसे और बुद्धिमान बनाने की दिशा में एक कदम है।
अब देखना यह होगा कि क्या यूज़र इस नए अनुभव को अपनाते हैं या फिर पारंपरिक ब्राउज़िंग पर ही भरोसा रखते हैं दिलचस्प बात ये हैं कि, AI अब सिर्फ चैट करने के लिए नहीं, बल्कि हमारी रोज़मर्रा की डिजिटल ज़िंदगी का हिस्सा बनने के लिए तैयार है।