Search

भैंस पर सवार होकर पहुंचे नामांकन के लिए तो कोई हाथी पर सवार ! नामांकन के दौरान छा गए ये अतरंगी उम्मीदवार 

भैंस पर सवार होकर पहुंचे नामांकन के लिए तो कोई हाथी पर सवार! नामांकन के दौरान छा गए ये अतरंगी उम्मीदवार

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। 18 अक्टूबर को राज्य के विभिन्न जिलों में नेताओं ने अपने नामांकन दाखिल किए। नामांकन केंद्रों पर समर्थकों की भीड़, नारों की गूंज और बैंड-बाजे के साथ माहौल पूरी तरह चुनावी उत्साह से भर गया। उम्मीदवार लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी दर्ज करवा रहे हैं।

हाथी और भैंस पर बैठकर पहुंचे उम्मीदवार

नामांकन के दौरान कुछ अनोखे नज़ारे भी देखने को मिले। अरवल जिले में जनशक्ति जनता दल के उम्मीदवार अरुण यादव भैंस पर सवार होकर नामांकन करने पहुंचे, जबकि चैनपुर सीट से BSP प्रत्याशी धीरज कुमार सिंह हाथी पर बैठकर पहुंचे। इन दोनों की अनोखी एंट्री ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा और सोशल मीडिया पर यह चर्चा का विषय बन गई।

भैंस पर सवार होकर पहुंचे

हाफ पैंट पहनकर पहुंचे नामांकन स्थल

गया जिले के बेलागंज विधानसभा से निर्दलीय प्रत्याशी राहुल रंजन कुमार हाफ पैंट पहनकर नामांकन करने पहुंचे। उनका यह अंदाज़ देखकर लोग हैरान रह गए। वहीं कुछ प्रत्याशी साइकिल पर सवार होकर भी नामांकन स्थल पहुंचे, जिससे माहौल हल्का-फुल्का और दिलचस्प बन गया।

बड़ी हस्तियों की मौजूदगी से बढ़ा जोश

वजीरगंज विधानसभा सीट से BJP उम्मीदवार वीरेंद्र सिंह ने भी अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल मौजूद रहे, जिन्होंने वीरेंद्र सिंह का समर्थन किया। उनके आगमन से वहां का माहौल और भी जोशीला हो गया।

अन्य प्रमुख उम्मीदवारों का नामांकन

कटिहार की कोढ़ा सीट से बीजेपी की कविता पासवान और जनसुराज के मनीष कश्यप ने भी नामांकन दाखिल किया। कुल मिलाकर आज बिहार में 20 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र जमा किए। अलग-अलग जिलों में जोश, भीड़ और उत्साह के बीच अब बिहार की सियासत और ज्यादा गरमाती नजर आ रही है।

Shashwat Srijan

Content Writer

Leave a Comment

Your email address will not be published.