पुरुषोत्तम एक्सप्रेस के AC फर्स्ट क्लास कोच में सफर कर रहे परिवार पर चादर और कंबल चोरी का आरोप लगा।
बैग की तलाशी की बात आते ही परिवार ने सामान लौटा दिया।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर बवाल और सख्त कार्रवाई की मांग।
ट्रेन से सफर करना आमतौर पर लोगों के लिए एक सुखद अनुभव होता है। रेलवे मंत्रालय समय-समय पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए नई-नई सेवाएं मुहैया कराता है। लेकिन कई बार कुछ घटनाएँ ऐसी सामने आती हैं जो न केवल यात्रियों बल्कि पूरे समाज को शर्मसार कर देती हैं। ऐसा ही एक मामला हाल ही में पुरुषोत्तम एक्सप्रेस में सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना पुरुषोत्तम एक्सप्रेस के AC 1st क्लास कोच की है। ट्रेन के अटेंडेंट ने एक परिवार पर चादर और कंबल चोरी करने का आरोप लगाया।
पहले तो परिवार के सदस्यों ने इस आरोप का विरोध किया, लेकिन जब बैग की तलाशी की बात सामने आई तो वे झेंपते हुए खुद ही सामान लौटा बैठे। यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया।
परिवार के सदस्यों में एक महिला और एक पुरुष शामिल थे, और दोनों की हरकत देखकर अन्य यात्री भी हैरान रह गए।
वीडियो वायरल होने के बाद मचा बवाल
घटना का वीडियो उड़िया भाषा में रिकॉर्ड हुआ है और इसमें साफ सुना जा सकता है कि ट्रेन का अटेंडेंट परिवार से पूछताछ कर रहा है और बैग चेक कराने की बात कह रहा है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग नाराज़गी जता रहे हैं। कई यूज़र्स ने तो रेलवे से मांग कर दी है कि ऐसे यात्रियों को लाइफटाइम बैन कर देना चाहिए ताकि भविष्य में कोई और यात्री ऐसी हरकत करने की हिम्मत न जुटा सके।