1965 युद्ध की 60वीं वर्षगांठ: राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए आतंकियों को कड़ा संदेश देने की बात कही
राजनाथ सिंह बोले: ऑपरेशन सिंदूर ने दिखाई भारत की ताकत
1965 भारत-पाकिस्तान युद्ध के 60 साल पूरे होने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का स्मरण किया।
उन्होंने कहा कि भारत की सेना ने समन्वय और साहस के साथ आतंकियों को कड़ा संदेश दिया और जीत हमारी आदत है।
भारत-पाकिस्तान के 1965 के युद्ध को आज 60 साल हो गए है । दिल्ली में इस मौके पर आयोजित एक खास कार्यक्रम में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत द्वारा किए गए ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का उल्लेख किया।
दिल्ली में सेना द्वारा आयोजित कार्यक्रम में रक्षा मंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारत ने आतंकियों को दिखा दिया कि देश की जवाबी कार्रवाई कितनी कठोर हो सकती है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि समन्वय और साहस के साथ भारत के सशस्त्र बलों ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। इससे यह साबित हो गया कि भारत के लिए विजय कोई कठिन काम नहीं है।
भारत की जीत भारत की आदत
उन्होंने कहा, “हमने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया और दुश्मन को दिखा दिया कि भारत का पलटवार कितना शक्तिशाली हो सकता है। हमारी सेना ने जिस समन्वय और साहस के साथ काम किया, उससे यह साबित हो गया कि जीत हमारी आदत बन गई है और हमें इस आदत को हमेशा बरकरार रखना चाहिए।”
ऐसा सबक सिखाया जिसकी दुश्मन ने कल्पना भी नहीं की थी
कार्यक्रम में रक्षा मंत्री ने कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद सरकार इसमें शामिल सभी आतंकियों को सबक सिखाने के लिए संकल्पित थी। उन्होंने यह भी कहा कि जब भी वह घटना उनके दिमाग में आती है, तो उनका दिल भारी हो जाता है और आंखें नम हो जाती हैं। वहां जो हुआ, उसने सभी को अंदर तक हिला दिया, लेकिन वह घटना उनका मनोबल नहीं तोड़ सकी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संकल्प लिया है कि आतंकवादियों को ऐसा सबक सिखाया जाएगा जिसकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की होगी।
भारत ने अपना भविष्य खुद बनाया
रक्षा मंत्री ने कहा कि हमेशा चुनौतियां हमारे सामने रही हैं, लेकिन भारतवासियों की यही विशेषता है कि हम इन चुनौतियों से नहीं घबराते और उन्हें नियति मानकर चुप नहीं रहते। हमने कड़ी मेहनत की, अपनी नियति खुद गढ़ी और अपना भविष्य खुद बनाया।
आतंकियों द्वारा पहलगाम हमले में 26 लोग मारे गए थे। इसके बाद भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया, जिसमें पाकिस्तान द्वारा नियंत्रित क्षेत्र में आतंक के अड्डों को निशाना बनाया गया। यह ऑपरेशन चार दिन तक चला और 10 मई को समाप्त हुआ।