समर्थकों का जश्न, पुलिस की ड्रोन निगरानी, BSP में जाने की अटकलों पर शिवपाल ने तोड़ी चुप्पी
23 महीने बाद जेल से बाहर आज़म खान

उत्तर प्रदेश की सियासत में बड़ा घटनाक्रम हुआ है। समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री आजम खान आखिरकार लगभग 23 महीने बाद जेल से बाहर आ गए है । मंगलवार को उन्हें सीतापुर जेल से रिहा किया गया।
उनकी रिहाई का मौका SP कार्यकर्ताओं के लिए किसी त्यौहार और जश्न से कम नहीं रहा। सुबह से ही उनके समर्थक जेल के बाहर जुटे हुए थे। पुलिस ने ड्रोन से निगरानी रखी, ताकि कोई गड़बड़ी न हो, लेकिन फिर भी भारी भीड़ के चलते ट्रैफिक जाम हो गया।
आजम खान रिहाई के बाद सीधे अपने बेटे और करीबियों के साथ रामपुर रवाना हो गए। खास बात यह रही कि उन्होंने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की और चुपचाप निकल गए।
आजम खान की जमानत की प्रक्रिया पिछले हफ्ते पूरी हुई थी। उनके वकील ने हाई कोर्ट का आदेश सांसद-विधायक अदालत में दाखिल किया था। अदालत ने 19 मामलों में जमानत मंजूर की और कागज़ों के सत्यापन के बाद सीतापुर जेल अधीक्षक को रिहाई का आदेश भेजा। प्रशासन ने किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए निषेधाज्ञा भी लागू कर दी थी, लेकिन समर्थकों का उत्साह कम नहीं हुआ।

अखिलेश यादव ने क्या कहा :
आजम खान की रिहाई पर SP प्रमुख अखिलेश यादव ने कोर्ट का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा, “हमारा भरोसा कोर्ट पर था और कोर्ट ने न्याय दिया। जब समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी, तब आजम साहब पर लगे सारे झूठे मुकदमे वापस लिए जाएंगे। बीजेपी सरकार ने मिलकर जिस तरह झूठे केस लगाए, वह आगे नहीं चलेगा।”
BSP में जाने की चर्चा पर सफाई
आजम खान के BSP में शामिल होने की अफवाहों पर SP के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने साफ किया कि ये सिर्फ अटकलें हैं। उन्होंने कहा, “आजम साहब हमेशा समाजवादी पार्टी के साथ रहे हैं और आगे भी रहेंगे। पार्टी और नेतृत्व हर वक्त उनके साथ खड़ा है। उन्हें फर्जी मामलों में फंसाया गया था और सब जानते हैं इसके पीछे कौन है।”
आजम खान
गौरतलब है, कि आजम खान को फरवरी 2020 में गिरफ्तार किया गया था। उसके बाद कई केसों में उन्हें जमानत मिली, लेकिन फर्जी बर्थ सर्टिफिकेट केस में अक्टूबर 2023 में फिर से जेल जाना पड़ा। इस केस में उनकी पत्नी तंजीन फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम भी फंसे थे, लेकिन उन्हें पहले ही जमानत मिल चुकी थी। अब आजम और उनका बेटा दोनों बाहर आ चुके हैं।