इंदौर के एयरपोर्ट रोड पर एक बेकाबू ट्रक ने 3 लोगों की जान ले ली और कई अन्य घायल। ड्राइवर नशे में था। पुलिस और एसडीआरएफ मौके पर, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
इंदौर के एयरपोर्ट रोड स्थित कालानी बाग नगर में कल शाम एक बेकाबू ट्रक ने कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है और कई अन्य घायल हैं। टक्कर इतनी भयानक थी कि ट्रक में आग लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुँची और घायलों को अस्पताल भेजा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसने सामने आने वाली सभी गाड़ियों को रौंद डाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक अनियंत्रित ट्रक एयरपोर्ट से बड़ा गणपति की ओर बढ़ रहा था। रास्ते में उसने सबसे पहले एक स्कूटी को टक्कर मारी, जो ट्रक के नीचे फँस गई और घर्षण से आग लग गई। इसके बाद आग की चपेट में ट्रक का केबिन भी जल गया।
नशे में था ड्राइवर
पुलिस ने मीडिया को बताया कि हादसे के वक्त ट्रक ड्राइवर नशे में धुत था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और प्रारंभिक शराब जाँच में नशे की पुष्टि हुई है। घटनास्थल पर एसडीआरएफ और एम्बुलेंस की टीमें तैनात हैं। घायलों को एमवाईएच और चोइथराम अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ डॉक्टरों की टीमें इलाज में जुटी हैं।
क्या है पूरा मामला?
एडिशनल सीपी अमित सिंह ने जानकारी दी कि ट्रक (नंबर MP-09 ZP-4069) एयरपोर्ट रोड से बड़ा गणपति की ओर आ रहा था। ड्राइवर शराब के नशे में था और उसने नियंत्रण खो दिया। पहले उसने एक बाइक को टक्कर मारी, जो ट्रक के नीचे फँस गई और करीब 1 किलोमीटर तक घसीटती चली गई। इस दौरान कई छोटी-बड़ी गाड़ियाँ भी ट्रक की चपेट में आ गईं। हादसे में 3 लोगों की मौत और लगभग 15 लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुँचे।
कैलाश विजयवर्गीय ने जताया दुःख

मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने इस घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, “यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हादसा है। घायलों का इलाज हमारी प्राथमिकता है। मैंने पुलिस कमिश्नर और राजस्व कमिश्नर से बात कर ली है। जिनका नुकसान हुआ है, उन्हें उचित मुआवजा दिया जाएगा। अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।”