Fact Check
Search

भाजपा का बड़ा ऐलान – छत्तीसगढ़ में विकास का 1000 दिनों का रोडमैप तैयार

भाजपा ने तैयार किया 1000 दिनों का रोडमैप, सीएम विष्णु देव साय बोले – ‘पीएम मोदी के सपनों के अनुरूप बनेगा छत्तीसगढ़’

छत्तीसगढ़ की राजनीति में भाजपा ने एक बड़ा कदम उठाते हुए आगामी 1000 दिनों के लिए रोडमैप तैयार किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को रायपुर में आयोजित भाजपा की एक दिवसीय संगठनात्मक कार्यशाला में इस योजना का ऐलान किया।

उन्होंने कहा कि यह रोडमैप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसके जरिए पार्टी न केवल विकास योजनाओं को धरातल पर उतारेगी बल्कि 2028 विधानसभा चुनाव में भी मजबूती से उतरने की भी तैयारी करेगी।

इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इनमें राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह, प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय शामिल थे। सभी नेताओं ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया और उन्हें आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।

भाजपा ने तैयार किया 1000 दिनों का रोडमैप

राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता ही उसकी असली ताकत हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि 1000 दिनों की कार्ययोजना को लागू करने में उनकी अहम भूमिका होगी। वहीं, राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने छत्तीसगढ़ संगठन की सक्रियता की तारीफ की और सदस्यता अभियान की सफलता को ऐतिहासिक बताया।

प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन ने संगठन को मजबूत करने में मीडिया और सोशल नेटवर्किंग के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष भ्रामक सूचनाएं फैलाने में सक्रिय है, ऐसे में भाजपा कार्यकर्ताओं को तथ्यों और उपलब्धियों के साथ जनता के बीच जाना होगा।

प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही भाजपा का लक्ष्य है। उन्होंने जोर दिया कि पार्टी कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच रहकर इन योजनाओं की जानकारी देंगे और उनका लाभ दिलाएंगे।

प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कार्यकर्ताओं को भाजपा की रीढ़ बताते हुए कहा कि उन्हीं की मेहनत से भाजपा सत्ता में आई है और भविष्य में भी उनकी मेहनत से ही 2028 में फिर से सरकार बनेगी।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा सहित कई मंत्री, सांसद, विधायक और पदाधिकारी भी मौजूद थे।

 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा का यह रोडमैप केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका मकसद छत्तीसगढ़ को प्रधानमंत्री मोदी की दृष्टि के अनुरूप विकसित राज्यों की श्रेणी में लाना है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच जाकर सरकार की योजनाओं को सफल बनाएं और प्रदेश को विकास के नए आयामों तक पहुचाएं। इस प्रकार, भाजपा का 1000 दिनों का रोडमैप न केवल संगठन की मजबूती का प्रतीक है, बल्कि यह प्रदेश की राजनीति और विकास की दिशा भी तय करेगा।

Shashwat Srijan

Content Writer

Leave a Comment

Your email address will not be published.