Fact Check
Search

आखिर किस बात पर भड़के थे वैभव सूर्यवंशी ! सुपर ओवर के बाद श्रीलंकाई खिलाड़ी को दे दिया धक्का

सुपर ओवर के बाद मैदान में हंगामा,धक्का-मुक्की से माहौल गरमाया

सुपर ओवर के बाद मैदान में बवाल! वैभव सूर्यवंशी और श्रीलंकाई खिलाड़ियों के बीच भिड़ंत, बीच-बचाव में उतरे साथी खिलाड़ी

भारत ए को श्रीलंका ए के खिलाफ ओडीआई ट्राई सीरीज के मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। लेकिन हार के बाद युवा भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की श्रीलंकाई टीम के खिलाड़ी विशेन हलंबागे के साथ बहस हो गई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। इसके बाद श्रीलंकाई खिलाड़ी निरोशन डिकवेला ने बीच-बचाव किया और अन्य खिलाड़ियों ने वैभव सूर्यवंशी को आगे बढ़ने से रोक दिया।

तीखी बहस से शुरू हुई बात धक्का-मुक्की तक पहुंची

 

मैच खत्म होने के बाद जब वैभव सूर्यवंशी और सूर्यांश शेडगे पवेलियन लौट रहे थे, तब श्रीलंका ए के खिलाड़ियों ने काफी जोश के साथ जश्न मनाया। इसी दौरान कुछ श्रीलंकाई खिलाड़ियों को भारतीय बल्लेबाजों पर टिप्पणी करते हुए भी देखा गया, जिससे वैभव सूर्यवंशी नाराज हो गए और उन्होंने जवाब में बहस शुरू कर दी।

बताया जा रहा है कि सुपर ओवर में तीन गेंदों पर वैभव को रोकने के बाद श्रीलंका ए के गेंदबाज मथुलन की ओर से भी कुछ कहा गया था, जिससे मामला और गर्म हो गया। बहस के दौरान वैभव सूर्यवंशी एक श्रीलंकाई खिलाड़ी को धक्का देते हुए भी नजर आए और उनकी तरफ बढ़ने की कोशिश की।

स्थिति बिगड़ती देख श्रीलंका के सीनियर खिलाड़ी निरोशन डिकवेला ने बीच-बचाव किया। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को शांत कराया और अन्य खिलाड़ियों के साथ मिलकर वैभव सूर्यवंशी को पीछे हटाया।

खराब रोशनी की वजह से हुआ विवाद

 

मैदान पर खराब रोशनी को लेकर मैच के दौरान पहले ही काफी तनाव का माहौल बन चुका था। इसी बीच भारतीय कप्तान तिलक वर्मा और अंपायर के बीच भी तीखी बहस देखने को मिली, जिसने माहौल को और गर्म कर दिया। दरअसल मैच टाई होने के बाद कुछ समय तक यह साफ नहीं था कि मुकाबले का नतीजा सुपर ओवर से निकाला जाएगा या नहीं। अंपायरों का मानना था कि काफी देर हो चुकी है और रोशनी की स्थिति को देखते हुए आगे खेल कराना मुश्किल हो सकता है। इस दौरान भारतीय कप्तान तिलक वर्मा ने अंपायरों से चर्चा की, जिसके बाद आखिरकार सुपर ओवर कराने का फैसला लिया गया।

इसके बाद सुपर ओवर में श्रीलंका ए ने 17 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और यहीं से खिलाड़ियों के बीच का तनाव खुलकर सामने आ गया। मैच खत्म होने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच बहस शुरू हुई, जो कुछ देर के लिए धक्का-मुक्की तक पहुंच गई।

हार के बाद खिलाड़ियों ने मिलाया हाथ

 

हालांकि, मैदान पर दिखी यह कड़वाहट ज्यादा देर तक नहीं रही। तीखी बहस और गहमागहमी के तुरंत बाद दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए एक-दूसरे से हाथ मिलाया और इसी के साथ इस रोमांचक मुकाबले का अंत हुआ। भारत ए की त्रिकोणीय सीरीज में यह लगातार दूसरी हार रही। इससे पहले टीम इंडिया को अफगानिस्तान ए के खिलाफ भी हार का सामना करना पड़ा था।

Leave a Comment

Your email address will not be published.