युद्ध तय है, एलन मस्क की भविष्यवाणी से दुनिया घबराई!”
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट का जवाब देते हुए मस्क ने लिखा—‘War is inevitable’, जिसके बाद दुनिया भर में चर्चा शुरू हो गई।

टेक दुनिया के सबसे चर्चित और विवादित शख्सों में गिने जाने वाले एलन मस्क ने एक ऐसा बयान दिया है जिसने अंतरराष्ट्रीय राजनीति और सोशल मीडिया दोनों जगह हलचल पैदा कर दी है। मस्क ने दावा किया है कि दुनिया अगले कुछ सालों में एक बड़े वैश्विक युद्ध की तरफ बढ़ रही है। यह टिप्पणी उन्होंने X पर एक पोस्ट का जवाब देते हुए की और उनके सिर्फ तीन शब्दों ने माहौल बदल दिया। “War is inevitable.” यानी “युद्ध होना तय है।” एलन मस्क अपने बेबाक और बिना फिल्टर अंदाज़ के लिए जाने जाते हैं, इसलिए जैसे ही उन्होंने यह बात लिखी, लोगों की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। कोई इसे मजाक मान रहा है, तो कुछ लोग इसे आने वाले समय का गंभीर संकेत कह रहे हैं। कई लोगों ने यह भी कहा कि जब ऐसा बयान दुनिया के सबसे प्रभावशाली बिजनेस लीडर्स में से एक की ओर से आता है, तो इसे हल्के में नहीं लिया जा सकता।
शुरुआत कहाँ से हुई
असल कहानी शुरू हुई तब, जब एक यूज़र ने परमाणु हथियारों और युद्ध के खतरे पर चर्चा करते हुए पोस्ट किया था, कि आज की सरकारें ज्यादा निष्क्रिय और कमजोर इसलिए दिख रही हैं। क्योंकि अब बड़े देशों के बीच युद्ध का डर कम हो चुका है। उस पोस्ट का मतलब यह था कि न्यूक्लियर हथियारों के होने से देश सीधे लड़ाई करने से डरते हैं और इसी वजह से सरकारों पर बाहरी दबाव खत्म हो गया है। मस्क ने उसी पोस्ट पर ट्वीट करते हुए लिखा कि “दुनिया को यह मान लेना चाहिए कि संघर्ष अब बहुत दूर नहीं है। उन्होंने समय भी बताया, अगले 5 से 10 साल के बीच। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह टकराव किस वजह से या किन देशों के बीच होगा, लेकिन उन्होंने पहले भी कई इंटरव्यू और पोस्ट में रूस-यूक्रेन युद्ध, चीन-ताइवान विवाद और यूरोप में बढ़ते राजनीतिक तनावों को वैश्विक शांति के लिए खतरा बताया है।

एलन मस्क की टिप्पणी
मस्क का यह बयान सिर्फ एक टिप्पणी नहीं बल्कि एक चेतावनी जैसा देखा जा रहा है, क्योंकि वह कई बार भू-राजनीतिक मुद्दों पर भविष्यवाणी कर चुके हैं और कुछ मामलों में उनके अनुमान सही भी साबित हुए हैं। खासकर Ukraine-Russia युद्ध, AI विकास, माइग्रेशन को लेकर उनका दृष्टिकोण पहले भी चर्चा में रहा है।
एलन मस्क का नाम सिर्फ एक टेक सीईओ के रूप में नहीं बल्कि रणनीतिक फैसलों में शामिल व्यक्ति के रूप में भी देखा जाता है। अमेरिकी सरकार में DOGE (Department of Government Efficiency) कार्यक्रम के लिए विचार बनाने में भी उनका योगदान रहा है। इसीलिए उनकी बातों को मज़ाक या सामान्य टिप्पणी के रूप में नजरअंदाज नहीं किया जा रहा।
एलन मस्क के इस बयान के बाद लोगों ने उनका ही बनाया AI चैटबॉट GroK से इस कमेंट की व्याख्या मांगी। ग्रोक के जवाब में कहा गया कि “मस्क शायद उन हालातों की तरफ संकेत कर रहे थे जो पिछले कुछ समय में तेजी से बदल रहे हैं। जैसे बड़ी शक्तियों के बीच अविश्वास, आर्थिक प्रतिस्पर्धा, संसाधनों की लड़ाई और भू-राजनीतिक दावे। ग्रोक ने यह भी कहा कि मस्क पहले भी यह कह चुके हैं कि अगर इन तनावों पर समय रहते काबू नहीं पाया गया, तो संघर्ष सीमित नहीं रहेगा, बल्कि एक बड़े युद्ध का रूप ले सकता है।