अक्षय कुमार ने साइबर अवेयरनेस कार्यक्रम में खुलासा किया कि उनकी बेटी से ऑनलाइन गेम के दौरान न्यूड फोटो मांगी गई।
अभिनेता ने बच्चों के लिए साइबर सुरक्षा शिक्षा अनिवार्य करने की मांग की।
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने हाल ही में एक साइबर अवेयरनेस कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने अपनी ही बेटी से जुड़ी एक घटना साझा करते हुए साइबर अपराध के बढ़ते खतरे पर चिंता जताई।
ऑनलाइन वीडियो गेम के दौरान हुई घटना
अक्षय कुमार ने बताया कि कुछ महीने पहले उनकी बेटी एक ऑनलाइन वीडियो गेम खेल रही थी। खेल के दौरान उसे अजनबी खिलाड़ियों से चैट मैसेज आने लगे। पहले मैसेज में पूछा गया – “तुम मेल हो या फीमेल?” जब उनकी बेटी ने जवाब दिया “फीमेल”, तो अगला मैसेज था – “क्या तुम अपनी न्यूड पिक्चर्स भेज सकती हो?”। इस पर उनकी बेटी ने तुरंत फोन बंद कर दिया और अपनी मां को घटना बताई।
अक्षय कुमार ने कहा – “यही से चीजें शुरू होती हैं। यह भी साइबर अपराध का ही हिस्सा है।”
उन्होंने कहा कि आजकल बच्चे और युवा इंटरनेट तथा सोशल मीडिया पर काफी समय बिता रहे हैं। अनजान लोगों से संपर्क करना आसान हो गया है, जिससे ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग, फिशिंग और सेक्सुअल हैरेसमेंट जैसे मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।
बच्चों को साइबर सुरक्षा शिक्षा अनिवार्य हो
अक्षय कुमार ने महाराष्ट्र सरकार से अपील की कि स्कूलों में साइबर सुरक्षा पर विशेष कक्षाएं शुरू की जाएं। उनका सुझाव है कि कक्षा 5 से 10 तक हर हफ्ते “साइबर पीरियड” नाम से एक क्लास होनी चाहिए, जिसमें बच्चों को ऑनलाइन खतरों और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के बारे में बताया जाए।
उन्होंने कहा – “साइबर अपराध का शिकार होने से केवल सतर्कता ही बचा सकती है।”
सरकार और अभिभावकों की भूमिका
केंद्र और राज्य सरकारें पहले से ही साइबर सुरक्षा को लेकर पहल कर रही हैं। इसके बावजूद अभिनेता ने जोर दिया कि अभिभावकों को भी बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखनी चाहिए।