चुनाव आयोग का TMC को ‘अल्टीमेटम’! बूथ अधिकारी को ‘डराना-धमकाना’ पड़ सकता है भारी
एसआईआर प्रक्रिया पर तृणमूल कांग्रेस की आपत्तियों को लेकर चुनाव आयोग ने कड़ा रवैया अपनाया है। आयोग ने तृणमूल कांग्रेस को साफ चेतावनी दी है कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान बीएलओ पर किसी भी तरह का दबाव या धमकी न दी जाए। आयोग ने कहा कि बूथ लेवल अधिकारियों को पूरी निष्पक्षता के साथ काम करने दिया जाए, ताकि वे मृत, शिफ्ट हुए और डुप्लीकेट वोटर्स की जानकारी सही तरीके से भर सकें। आयोग ने बैठक में टीएमसी द्वारा उठाई गई सभी चिंताओं को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी 9 दिसंबर को ड्राफ्ट लिस्ट आने के बाद अपने दावे और आपत्तियां दर्ज कर सकती है।

कोलकाता पुलिस कमिश्नर को दिए निर्देश
चुनाव आयोग ने हाल ही में पश्चिम बंगाल के सीईओ कार्यालय में हुई सुरक्षा चूक का जिक्र करते हुए आदेश दिया कि ऑफिस को अधिक सुरक्षित जगह पर शिफ्ट किया जाए। इसके लिए कोलकाता पुलिस कमिश्नर को निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, राज्य पुलिस महानिदेशक और कोलकाता पुलिस कमिश्नर को पत्र भेजकर यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि बीएलओ को राजनीतिक दबाव या डराने-धमकाने जैसी स्थिति का सामना न करना पड़े।

इसी बीच चुनाव आयोग ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिया है कि झोपड़पट्टियों, ऊंची इमारतों और गेटेड सोसाइटीज़ में नए मतदान केंद्र बनाए जाएं। एसआईआर के दूसरे चरण की प्रगति बताते हुए आयोग ने कहा कि 38 करोड़ यानी 74% से ज्यादा फॉर्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं। 12 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 99.43% मतदाताओं को गणना फॉर्म मिल चुके हैं और इन्हें जमा करने के लिए अभी सात दिन का समय बाकी है।