PM मोदी और शिंदे पर तंज के बाद अब RSS निशाने पर, विरोधियों की प्रतिक्रिया कड़ी

कॉमेडियन कुणाल कामरा एक बार फिर चर्चा में है। इस बार वजह है उनकी एक टी-शर्ट, जिसे पहनकर उन्होंने सोशल मीडिया पर फोटो शेयर की थी। इस टी-शर्ट पर RSS लिखा था और साथ में एक कुत्ते की तस्वीर बनी थी। इसके बाद यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गई और में इस पर कड़ी प्रतिक्रिया आने लगी है।
भाजपा ने जताई आपत्ति
इस पोस्ट पर महाराष्ट्र के मंत्री और बीजेपी नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने कड़ी नाराज़गी जताई है। उन्होंने कहा कि अगर कोई ऑनलाइन आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट करेगा तो उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई करेगी। उन्होंने साफ कहा कि “यह पोस्ट सिर्फ मज़ाक नहीं, बल्कि RSS और उसकी विचारधारा का अपमान है।”
शिवसेना ने भी जताया विरोध
इस मामले में सिर्फ बीजेपी ही नहीं, उनके सहयोगी दल भी नाराज़ दिखाई दे रहे हैं। महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने कहा कि यह “पहली बार नहीं है जब कुणाल कामरा ने ऐसी हरकत की है। उन्होंने कहा कि “पहले भी कामरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर तीखी टिप्पणियां कर चुके हैं और अब उन्होंने RSS को निशाना बनाया है।” शिरसाट ने कहा, “इस बार बीजेपी को इसका जवाब देना चाहिए, क्योंकि यह सीधा RSS पर हमला है।”
पहले भी विवादों में रहे हैं कामरा
- कुणाल कामरा का संबंध विवादों से नया नहीं हैं। उनके राजनीतिक व्यंग्य अक्सर सुर्खियां बटोरते है।
- मार्च 2024 में, उन्होंने एक शो के दौरान एकनाथ शिंदे पर तंज कसते हुए एक मशहूर गाने के बोल बदल दिए थे।
- इसके बाद कई शिवसेना कार्यकर्ताओं ने मुंबई में उस जगह तोड़फोड़ की थी जहां उनका शो हुआ था।
- 2020 में, वह तब बहुत चर्चा में आए जब उन्होंने एक फ्लाइट में पत्रकार अर्नब गोस्वामी से सवाल पूछे थे और उन्हें “डरपोक” कहा था।
- इस घटना के बाद कई एयरलाइंस ने उन्हें कुछ महीनों के लिए प्रतिबंधित कर दिया था।
- मार्च में उनके खिलाफ FIR भी दर्ज हुई थी क्योंकि उन्होंने अपने शो में प्रधानमंत्री मोदी और एकनाथ शिंदे पर टिप्पणी की थी।
कुणाल कामरा का पक्ष
ताज़ा विवाद के बाद कामरा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह तस्वीर किसी कॉमेडी क्लब में नहीं ली गई थी। हालांकि, उन्होंने अपने पोस्ट या टी-शर्ट के बारे में माफी नहीं मांगी है। पहले भी उन्होंने कहा था कि “नेता और सरकार की आलोचना करना अपराध नहीं है।”
स्टैन्ड अप से पहले विज्ञापन कंपनी मे थे कामरा
कुणाल कामरा मुंबई में पैदा हुए और उन्होंने कॉमेडी शुरू करने से पहले लगभग 11 साल एक विज्ञापन कंपनी में काम किया। 2013 में उन्होंने स्टैंड-अप कॉमेडी शुरू की और फिर लोकप्रियता मिली उनके यूट्यूब शो “Shut Up Ya Kunal” से, जिसमें वह राजनीतिक मेहमानों से बातचीत करते हैं। उनका स्टाइल बेबाक, तंज भरा और राजनीतिक मुद्दों पर केंद्रित माना जाता है। इसी वजह से वह लगातार चर्चा में रहते हैं। कभी तारीफ के लिए, कभी विवादों के कारण।