क्या महबूबा मुफ्ती आतंकवादियों का समर्थन कर रही हैं? लाल किला ब्लास्ट को लेकर दिया विवादित बयान
पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती ने लाल किला विस्फोट पर विवादित बयान दिया है, जिसके बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। लाल किले के पास हुए हालिया विस्फोट को लेकर उन्होंने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि जम्मू-कश्मीर की परेशानियों की गूंज अब दिल्ली तक सुनाई देने लगी है और यह घटना उसी असंतोष का संकेत है।
केंद्र सरकार पर नाकामी का आरोप
महबूबा मुफ्ती ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर में शांति स्थापित करने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि सरकार देशभर में सुरक्षा का दावा करती है, लेकिन राजधानी में हुई घटना ने उन दावों पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
उनके मुताबिक, सरकार की नीतियों ने कश्मीर के युवाओं में असंतोष बढ़ाया है और इसका असर अब बाकी राज्यों में भी दिखने लगा है।
महबूबा पर पलटवार
महबूबा के बयान के बाद भाजपा ने उन पर कड़ा हमला बोला। भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि महबूबा हमेशा आतंकियों का बचाव करती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह पहले भी बुरहान वानी जैसे आतंकियों पर नरम रुख अपनाती रही हैं और अब लाल किला विस्फोट को कश्मीर की स्थिति से जोड़कर आतंकवादियों के लिए तर्क दे रही हैं।
भाजपा का कहना है कि कांग्रेस समेत पूरा विपक्ष आतंकवाद से जुड़े मामलों पर सरकार को कटघरे में खड़ा करता है, लेकिन आतंकवाद की स्पष्ट निंदा करने से बचता है, जो गलत संदेश देता है।
ध्रुवीकरण को बताया कारण
महबूबा मुफ्ती ने कहा कि देश में बढ़ रहा धार्मिक ध्रुवीकरण आतंकवाद जैसे मामलों को बढ़ावा देता है। उनके अनुसार हिंदू-मुस्लिम राजनीति समाज में गहरी खाई पैदा कर रही है, जिससे युवा गलत रास्ते पर जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा किसी भी सत्ता या राजनीतिक लाभ से ऊपर होनी चाहिए, और सरकार को विभाजनकारी राजनीति छोड़कर शांति, स्थिरता और लोगों की सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए।
क्या रोहिणी आचार्य संभालेंगी JJD की कमान? तेज प्रताप ने NDA को दिया ‘नैतिक समर्थन’!