तेजस्वी बोले- “4 दिन बीत गए, आयोग ने अब तक वोटिंग का आंकड़ा नहीं बताया!” 6 नवंबर की वोटिंग के आंकड़े गायब, क्या छिपा रहा है आयोग? तेजस्वी यादव का वार
तेजस्वी यादव ने मचाया सियासी भूचाल, बोले, “बीजेपी और आयोग एक ही सिक्के के दो पहलू”

बिहार चुनाव में पहले चरण के मतदान के बाद सियासी माहौल गरमाया है। इंडिया गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और चुनाव आयोग दोनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि “बीजेपी गठजोड़ बनाकर धांधली की तैयारी कर रही है और चुनाव आयोग इसमें उसका साथ दे रहा है।”
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को पूरा हो गया, लेकिन अब तक मतदान के आंकड़े सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। उनका कहना है कि चार दिन बीत चुके हैं, फिर भी लोगों को यह नहीं बताया गया कि कितने प्रतिशत वोट पड़े।
तेजस्वी का आरोप
तेजस्वी ने कहा, “पहले के चुनावों में तो उसी दिन मैन्युअली आंकड़े बता दिए जाते थे, लेकिन अब चार दिन बाद भी कोई जानकारी नहीं। आखिर क्या छिपाया जा रहा है? आयोग का काम पारदर्शिता लाना है, लेकिन वह अब एक राजनीतिक औजार बन गया है।” उन्होंने आगे कहा, “मतदान 11 नवंबर और 14 नवंबर को भी है। लेकिन 6 नवंबर को हुए मतदान की जानकारी तक नहीं दी गई। बीजेपी अपने पाप करती रहती है और चुनाव आयोग पर्दा डालता रहता है। आज आयोग निष्पक्ष संस्था नहीं, बल्कि बीजेपी का सहयोगी बन गया है।” तेजस्वी ने यह भी कहा कि अगर चुनाव आयोग का यही रवैया रहा, तो जनता का भरोसा लोकतंत्र से उठ जाएगा।
प्रधानमंत्री पर साधा निशाना
तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री बिहार में कई सभाएं कर रहे हैं, लेकिन जनता को विकास का कोई रोडमैप नहीं दिखा रहे। तेजस्वी ने कहा, “प्रधानमंत्री गाने सुनाने और भाषण देने में व्यस्त हैं। वेब सीरीज़ की बात करते हैं, लेकिन बिहार के युवाओं को रोजगार देने की बात नहीं करते। मैं नौकरियां बांटता हूं और वो शो करते हैं। क्या यह चुनाव मनोरंजन का मंच है?” उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी नेताओं में भ्रष्टाचार फैला हुआ है, फिर भी प्रधानमंत्री ने उनसे कभी सवाल नहीं पूछा। “क्या प्रधानमंत्री को सम्राट चौधरी, दिलीप जायसवाल, मंगल पांडे का भ्रष्टाचार नहीं दिखता? उन्होंने बिहार के कुख्यात अपराधियों के साथ मंच साझा किया, क्या यह उचित है?”
पाप अपने आप धुल जाएंगे- तेजस्वी यादव का कटाक्ष
तेजस्वी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि बीजेपी में शामिल होने से सबके “पाप धुल जाते हैं”। उन्होंने तंज कसा, “प्रधानमंत्री ने अनंत सिंह, उल्लास पांडे,राजवल्लभ, मनोरमा देवी और आनंद मोहन जैसे लोगों को संत बना दिया है। जो बीजेपी में आ गया, उसके सारे पाप माफ। अब गंगा में डुबकी लगाने की जरूरत नहीं, बीजेपी में शामिल हो जाओ। पाप अपने आप धुल जाएंगे।” उन्होंने यह भी कहा कि “सृजन घोटाले के आरोपी विपिन शर्मा को भी प्रधानमंत्री ने बुलाकर सम्मान दिया। यह देश के लोकतंत्र के लिए शर्म की बात है।”
14 नवंबर के बाद बदल जाएगा बिहार
तेजस्वी यादव ने अपने बयान में कहा कि 14 नवंबर के बाद बिहार में एक नई शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि पिछले 20 सालों में राज्य ने बहुत कुछ खोया है, लेकिन अब बदलाव तय है। उन्होंने कहा, “हम बिहार को आत्मनिर्भर और विकसित बनाएंगे। कृषि आधारित उद्योग, फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स, आईटी हब, और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल खोले जाएंगे। हमारा लक्ष्य है कि कोई बिहारी रोज़गार के लिए बाहर न जाए।”
विजय सिन्हा का पलटवार
तेजस्वी के आरोपों पर बिहार के डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा, “तेजस्वी यादव जंगलराज के राजकुमार हैं। वे विकास की बात नहीं करते, सिर्फ जातीय राजनीति और झूठे आरोपों में विश्वास रखते हैं। जनता अब उनके झांसे में आने वाली नहीं।”
सिन्हा ने कहा कि 14 नवंबर के बाद परिणाम सब कुछ साफ कर देंगे। “बिहार की जनता ने एनडीए पर भरोसा जताया है, और तेजस्वी की नकारात्मक राजनीति को नकार दिया है।”
उपेंद्र कुशवाहा ने किया दावा
राष्ट्रीय लोक मंच के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने भी एनडीए के पक्ष में दावा किया। उन्होंने कहा कि जहां भी वह प्रचार के लिए गए, लोगों ने उनका जबरदस्त स्वागत किया। कुशवाहा ने कहा, “आधी सीटों पर वोटिंग पूरी हो चुकी है और जनता का रुझान एनडीए के पक्ष में है। आने वाले चरणों में यह समर्थन और मजबूत होगा। 11 नवंबर को तस्वीर और साफ हो जाएगी।
आपको बता दें, 6 नवंबर पहले चरण का चुनाव हो चुका हैं, अब 11 और 14 नवंबर को होने वाले अगले चरण के मतदान और 14 नवंबर के बाद आने वाले नतीजों पर सबकी निगाहें टिकी हैं।