दिल्ली धमाकों से पहले गुजरात, कश्मीर और यूपी से हुई थी संदिग्धों की गिरफ्तारी! विस्फोट के पीछे किसकी है साजिश?

दिल्ली में लालकिला मेट्रो के पास हुए धमाके के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां जांच में जुट गई हैं। विस्फोट की जगह से कई अहम सबूत मिले हैं। आज FSL टीम जांच करेगी। इस धमाके में अब तक कम से कम 12 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। घटना के बाद राजधानी में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
अलग-अलग राज्यों से हुई गिरफ्तारी
इस बीच, रविवार और सोमवार को देश के अलग-अलग राज्यों से तीन संदिग्धों की गिरफ्तारी ने जांच को नया मोड़ दे दिया है। गुजरात में एक डॉक्टर को तीन पिस्तौल और जैविक हथियार ‘राइसिन’ बनाने की सामग्री के साथ पकड़ा गया है। वहीं, जम्मू-कश्मीर के एक व्यक्ति को हरियाणा में 2,900 किलो विस्फोटक और दो असॉल्ट राइफलों के साथ गिरफ्तार किया गया। तीसरे को उत्तर प्रदेश में जैश-ए-मोहम्मद के समर्थन में पोस्टर लगाने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। जांच एजेंसियों को शक है कि इन गिरफ्तारियों का संबंध दिल्ली कार धमाके से हो सकता है। एजेंसियों को शक है कि इन गिरफ्तारियों और दिल्ली धमाके के बीच कोई कड़ी हो सकती है। हालांकि, अभी तक पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गुजरात ATS की गिरफ्तारी में क्या मिला
गुजरात पुलिस के आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) ने गांधीनगर के पास अदलाज से डॉ. अहमद मोहियुद्दीन सैयद को गिरफ्तार किया है। उसके पास से तीन पिस्तौल, गोला-बारूद और चार लीटर अरंडी का तेल बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, यही तेल घातक ‘राइसिन’ जैविक हथियार बनाने में इस्तेमाल किया जा सकता है। राइसिन एक ऐसा ज़हर है जो शरीर की कोशिकाओं को नष्ट कर देता है और इंसान की मौत का कारण बन सकता है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि डॉक्टर सैयद का नेटवर्क कितना बड़ा था और क्या उसका दिल्ली धमाके से कोई संबंध है।
जम्मू-कश्मीर कनेक्शन
जांच के दौरान जम्मू-कश्मीर पुलिस को हरियाणा के फरीदाबाद में बड़ी सफलता मिली थी, जहां जम्मू-कश्मीर के डॉक्टर मुजम्मिल शकील से जुड़ी दो इमारतों में छापेमारी की गई थी। पुलिस के अनुसार, डॉ. शकील फरीदाबाद के अल-फलाह अस्पताल में काम करते थे और उन्हें आतंकी साजिश में शामिल होने के शक में गिरफ्तार किया गया है।
उत्तर प्रदेश से दो डॉक्टर की गिरफ्तारी
वहीं, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से डॉ. आदिल अहमद राठेर को भी हिरासत में लिया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने जम्मू-कश्मीर के नौगाम में जैश-ए-मोहम्मद के समर्थन में पोस्टर लगाए थे। इसी मामले में पुलिस ने एक और डॉक्टर शाहीन शाहिद को भी गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि शाहिद ने शकील को अपनी कार में असॉल्ट राइफल और गोला-बारूद रखने की अनुमति दी थी। अब जांच एजेंसियां इन तीनों की गतिविधियों और दिल्ली धमाके के बीच संभावित संबंधों की गहराई से जांच कर रही हैं।
धमाके का विवरण
सोमवार शाम दिल्ली के लालकिला मेट्रो स्टेशन के पास विस्फोट सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर हरियाणा नंबर प्लेट वाली एक हुंडई i20 कार में हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियां आग की चपेट में आ गईं। इस हादसे में अब तक के ज्ञात आंकड़ों के अनुसार 12 लोगों की मौत हो गई और 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अब एफएसएल टीम विस्फोट की जांच कर रही है।
मुंबई हमले के बाद कांग्रेस नेताओं ने नहीं दी पाक पर हमले की अनुमति- चिदंबरम का बड़ा कबूलनामा!