फरीदाबाद से आतंकी साजिश का बड़ा भंडाफोड़! डॉक्टर के घर से मिला 300 किलो विस्फोटक और AK-47
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक बड़ी आतंकी साजिश का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक डॉक्टर के घर से भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ और असॉल्ट राइफल बरामद की है। यह कार्रवाई आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़े नेटवर्क को लेकर की गई। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर हरियाणा के फरीदाबाद में छापा मारा।
300 किलो अमोनियम नाइट्रेट हुआ बरामद
फरीदाबाद में किराए के एक मकान से पुलिस को 300 किलो अमोनियम नाइट्रेट, एक असॉल्ट राइफल और 84 कारतूस मिले। यह कमरा डॉक्टर मुजमिल शकील नाम के व्यक्ति ने तीन महीने पहले किराए पर लिया था। पुलिस ने मौके से मुजमिल को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी डॉक्टर फरार है। बताया जा रहा है कि यह कमरा सिर्फ विस्फोटक सामग्री रखने के लिए लिया गया था।

इस मामले की शुरुआत तब हुई जब श्रीनगर में जैश-ए-मोहम्मद के पोस्टर दीवारों पर मिले थे। CCTV फुटेज में डॉक्टर आदिल अहमद राठर इन पोस्टरों को चिपकाते हुए नजर आया। पुलिस ने उसे 6 नवंबर को सहारनपुर के एक अस्पताल से गिरफ्तार किया। बाद में उसकी निशानदेही पर जम्मू-कश्मीर और हरियाणा में छापेमारी की गई।
अंसार गजवत-उल-हिंद संगठन से है संबंध
जांच में पता चला है कि तीनों डॉक्टरों का संबंध अंसार गजवत-उल-हिंद (AGH) संगठन से है, जो अल-कायदा से जुड़ा हुआ है। यह संगठन कश्मीर में शरीयत आधारित इस्लामी शासन स्थापित करने की कोशिश कर रहा है। इस संगठन की स्थापना 2017 में आतंकी जाकिर मूसा ने की थी।
चार राज्यों में पुलिस कर रही पड़ताल
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के तार चार राज्यों — जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और गुजरात — तक खंगाल रही है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि डॉक्टरों की आड़ में सक्रिय यह मॉड्यूल देश में बड़ा धमाका करने की योजना बना रहा था, लेकिन समय रहते इसकी साजिश नाकाम कर दी गई।
जम्मू-कश्मीर पुलिस की जांच में एक और सनसनीखेज खुलासा हुआ है। अनंतनाग मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर आदिल अहमद राठर के निजी लॉकर से AK-47 राइफल बरामद की गई थी। यह वही आरोपी है, जिसकी निशानदेही पर फरीदाबाद में 300 किलो विस्फोटक बरामद हुआ था। अधिकारियों के मुताबिक, हाल के वर्षों में घाटी से बरामद यह सबसे बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री है। फिलहाल दोनों गिरफ्तार डॉक्टर पुलिस हिरासत में हैं और जांच जारी है।

कौन है आदिल राठर?
आदिल अहमद राठर अनंतनाग का रहने वाला है और सहारनपुर के अंबाला रोड स्थित एक निजी अस्पताल में मेडिसिन विशेषज्ञ के रूप में काम कर रहा था। कुछ दिन पहले श्रीनगर में जैश-ए-मोहम्मद के समर्थन में पोस्टर लगाने के आरोप में उसका नाम सामने आया था। पुलिस को यह भी पता चला है कि उसने हाल ही में सहारनपुर की एक महिला डॉक्टर से निकाह किया था। अब सुरक्षा एजेंसियां सहारनपुर और आसपास के अस्पतालों में काम कर रहे जम्मू-कश्मीर के डॉक्टरों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रख रही हैं।