इतिहास का सबसे बड़ा ‘सैलरी पैकेज’! टेस्ला क्यों देगा मस्क को 1 ट्रिलियन डॉलर का पे पैकेज?
एलन मस्क दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति हैं और अब वे इतिहास रचने की तैयारी में हैं। टेस्ला के नए बोनस और शेयर पैकेज के ज़रिए मस्क दुनिया के पहले ट्रिलियन डॉलर मैन बन सकते हैं। अगर सब कुछ योजना के मुताबिक चला, तो आने वाले कुछ सालों में उनकी कुल संपत्ति 1 ट्रिलियन डॉलर यानी करीब 84 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह स्टॉक पैकेज अब तक किसी भी कंपनी के इतिहास में सबसे बड़ा है। अगर मस्क ट्रिलियनेयर बनते हैं, तो उनकी संपत्ति इंडोनेशिया, स्विट्जरलैंड, नीदरलैंड्स और सऊदी अरब जैसे देशों की पूरी जीडीपी से भी ज़्यादा होगी।
क्या है टेस्ला का प्लान
दरअसल, टेस्ला ने मस्क के लिए एक परफॉर्मेंस-बेस्ड बोनस प्लान तैयार किया है। इस प्लान के तहत अगर कंपनी तय किए गए वित्तीय लक्ष्यों को पूरा कर लेती है, तो मस्क को अरबों डॉलर के शेयर मिलेंगे। इस योजना का मकसद टेस्ला की मार्केट वैल्यू को 8.5 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाना है, जो अभी की तुलना में लगभग 8 गुना ज़्यादा है। अगर यह लक्ष्य हासिल हो जाता है, तो न सिर्फ टेस्ला दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों में से एक बनेगी, बल्कि एलन मस्क की नेटवर्थ भी इतिहास में पहली बार 1 ट्रिलियन डॉलर का आंकड़ा पार कर जाएगी।

पहले ही बड़ा हिस्सा है मस्क के पास
एलन मस्क पहले से ही टेस्ला के करीब 13% शेयर के मालिक हैं। अगर कंपनी की कीमत बढ़ती है, तो उनके मौजूदा शेयरों का मूल्य भी कई गुना बढ़ जाएगा। इसके साथ ही, नए बोनस पैकेज से उन्हें और शेयर मिलेंगे, जिससे उनकी कुल संपत्ति आसमान छू सकती है। हालांकि, रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इतनी बड़ी संपत्ति और वैल्यूएशन से अमीर और गरीब के बीच की खाई और गहरी हो सकती है। संयुक्त राष्ट्र के वर्ल्ड फूड प्रोग्राम ने पहले कहा था कि दुनिया से भूख मिटाने के लिए हर साल करीब 40 अरब डॉलर की ज़रूरत है — जो मस्क के इस संभावित बोनस का एक छोटा हिस्सा ही है।
मस्क के आलोचकों का मानना है कि जब दुनिया में महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है, तब कुछ अरबपतियों की संपत्ति तेज़ी से बढ़ना असमानता बढ़ाता है। वहीं, मस्क के समर्थक कहते हैं कि उनकी सोच, मेहनत और जोखिम लेने की क्षमता ने दुनिया को इलेक्ट्रिक वाहनों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में नई दिशा दी है। अगर टेस्ला अपने लक्ष्यों को हासिल कर लेती है, तो एलन मस्क इतिहास में पहले ऐसे व्यक्ति बन जाएंगे जिनकी कुल संपत्ति 1 ट्रिलियन डॉलर से भी ज़्यादा होगी।
SRS ग्रुप के मालिक प्रवीण कपूर ने कैसे लगाया लोगों को ₹2200 करोड़ का चूना? जानकर उड़ जाएंगे होश!