दिग्गज अभिनेता सतीश शाह के निधन पर इंडस्ट्री शोक में डूबी, श्रद्धांजलि के दौरान फराह खान का पैपराज़ी से भिड़ंत वाला वीडियो वायरल !

मुंबई: फिल्म जगत ने एक बार फिर अपने सबसे प्यारे कलाकार को खो दिया। दिग्गज अभिनेता सतीश शाह का 25 अक्टूबर को 74 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन से न सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री बल्कि टेलीविज़न जगत में भी गहरा सन्नाटा फैल गया है। रविवार को मुंबई में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें बॉलीवुड के कई दिग्गज चेहरे उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे।
इनमें निर्देशक-कोरियोग्राफर फराह खान, अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, और साराभाई वर्सेस साराभाई की पूरी टीम भी शामिल रही। हर किसी के चेहरे पर दुख साफ झलक रहा था, क्योंकि सतीश शाह सिर्फ एक कलाकार नहीं, बल्कि हर किसी के लिए एक हंसमुख दोस्त और मार्गदर्शक भी थे।
फराह खान का वायरल वीडियो
अंतिम संस्कार से बाहर निकलते समय फराह खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। इस वीडियो में वह निर्देशक अशोक पंडित से बातचीत करती नजर आती हैं। इसी दौरान, जैसे ही पैपराजी कैमरों के साथ नजदीक आने लगते हैं, फराह का चेहरा सख्त हो जाता है। वीडियो में देखा जा सकता है कि फराह मीडिया की ओर मुड़ते हुए नाराजगी भरे लहजे में कहती हैं “बस यही करो तुम लोग, पूरा समय यही करो।”
भावनाओं का उफान या निजता की चाह?
फराह खान की ये प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर अब चर्चा का विषय बन गई है। कुछ लोग उनकी भावनाओं को सही ठहरा रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि मीडिया केवल अपना काम कर रही थी।
दरअसल, यह पहली बार नहीं है जब किसी सेलेब्रिटी ने शोकसभा या अंतिम संस्कार के दौरान पैपराजी के बर्ताव पर सवाल उठाए हों। इससे पहले भी कई बार कलाकारों ने ऐसी परिस्थितियों में कैमरों से थोड़ी संवेदनशीलता बरतने की अपील की है।
फराह की नाराज़गी शायद इस बात को लेकर थी कि दुख के माहौल में भी लोग मोबाइल और कैमरा लेकर वीडियो बनाने में व्यस्त थे। उनकी प्रतिक्रिया से साफ झलकता है कि वे चाहती थीं कि उस पल को कैमरे से नहीं, सम्मान और चुप्पी से देखा जाए।

सतीश शाह
सतीश शाह का नाम भारतीय मनोरंजन जगत में एक ऐसे अभिनेता के रूप में दर्ज है जिन्होंने हर किरदार को अपनी पहचान दी। 1983 की क्लासिक फिल्म ‘जाने भी दो यारो’ में उनकी कॉमिक टाइमिंग ने उन्हें घर-घर में मशहूर कर दिया। इसके बाद उन्होंने ‘शक्ति’, ‘हम साथ साथ हैं’, ‘मैं हूं ना’, ‘कल हो ना हो’, ‘फना’ और ‘ओम शांति ओम’ जैसी फिल्मों में अपनी उपस्थिति से पर्दे पर हमेशा खुशियां बिखेरीं।
उनकी बहुमुखी प्रतिभा का अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि टीवी सीरीज़ ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ में निभाया गया ‘इंदर सराभाई’ का किरदार आज भी दर्शकों के दिल में बसा हुआ है।
फराह और सतीश का रिश्ता
फराह खान और सतीश शाह का रिश्ता सिर्फ निर्देशक-अभिनेता का नहीं था, बल्कि गहरी दोस्ती का था। फराह ने 2004 में अपनी डेब्यू फिल्म ‘मैं हूं ना’ में सतीश शाह को एक महत्वपूर्ण किरदार में निर्देशित किया था। उनकी दोस्ती का ज़िक्र फराह ने उनके निधन के बाद सोशल मीडिया पर साझा किए अपने संदेश में किया , “प्रिय सतीश, आपकी आत्मा को शांति मिले। आपके साथ काम करना और आपको जानना मेरे लिए सौभाग्य की बात थी। मुझे आपकी याद आएगी खासकर वो मीम्स और जोक्स जो आप रोज भेजा करते थे।”
फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर
सतीश शाह के निधन के बाद पूरे फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया पर उन्हें याद करते हुए लिखा, “एक सच्चे जेंटलमैन, एक शानदार इंसान और हंसाने वाला कलाकार।” वहीं, साराभाई वर्सेस साराभाई के कलाकार रजेश कुमार, रूपाली गांगुली और रत्ना पाठक शाह भी अंतिम संस्कार में पहुंचे और भावुक हो उठे।
सतीश शाह के जाने से एक ऐसा खालीपन पैदा हो गया है जिसे भरना मुश्किल होगा। उनकी हंसी, उनका अंदाज और उनकी विनम्रता आने वाले कलाकारों के लिए हमेशा प्रेरणा बनकर रहेगी।