हुरुन लिस्ट 2025 में मनोरंजन जगत से रॉनी स्क्रूवाला, शाहरुख खान, करण जौहर और बच्चन परिवार शामिल हुए हैं। इस बार प्रोड्यूसर्स ने एक्टर्स को दौलत के खेल में पीछे छोड़ दिया है।

हाल ही में जारी हुई हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 में सुपरस्टार शाहरुख खान इस साल अरबपति बनने वाले पहले भारतीय अभिनेता बन गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, शाहरुख की कुल संपत्ति अब 1.4 अरब डॉलर (करीब 12,500 करोड़ रुपये) हो गई है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि बॉलीवुड के सबसे अमीर व्यक्ति का ताज शाहरुख के सिर पर नहीं, बल्कि एक ऐसे इंसान के पास है जिन्होंने न कभी कैमरे के सामने अभिनय किया और न ही किसी फिल्म का निर्देशन किया — ये नाम है रॉनी स्क्रूवाला का।
रॉनी स्क्रूवाला कौन ?
रॉनी स्क्रूवाला का नाम भले ही आम दर्शकों के बीच बहुत चर्चित न हो, लेकिन फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें ‘विजनरी प्रोड्यूसर’ कहा जाता है, जिन्होंने हिंदी सिनेमा में बिजनेस और क्रिएटिविटी का नया मॉडल तैयार किया। रॉनी की कुल संपत्ति 1.5 अरब डॉलर (लगभग 13,300 करोड़ रुपये) है। यानी वह शाहरुख खान से भी करीब 800 करोड़ रुपये ज्यादा अमीर हैं।
रॉनी स्क्रूवाला सफर
रॉनी स्क्रूवाला ने अपने करियर की शुरुआत किसी फिल्म सेट से नहीं, बल्कि टूथब्रश बनाने के बिजनेस से की थी। 1980 के दशक में उन्होंने केबल टीवी नेटवर्क शुरू किया, जब भारत में टेलीविज़न एक लग्ज़री माना जाता था।
1990 में उन्होंने UTV (United Television) की नींव रखी, जो शुरू में एक टीवी स्टूडियो था, लेकिन धीरे-धीरे यह भारत की सबसे सफल फिल्म प्रोडक्शन कंपनी में बदल गया।

रॉनी स्क्रूवाला ने कई यादगार फिल्में प्रोड्यूस कीं —
- लक्ष्य
- स्वदेश
- रंग दे बसंती
- जोधा अकबर
साल 2012 में डिज़्नी ने UTV को 1 अरब डॉलर में खरीद लिया जो उस समय भारतीय मनोरंजन उद्योग का एक ऐतिहासिक सौदा माना जाता था।
साथ ही, UTV के अधिग्रहण के बाद रॉनी स्क्रूवाला ने नई शुरुआत की और RSVP Movies नाम से एक और प्रोडक्शन हाउस की स्थापना की। इस बैनर के तहत उन्होंने केदारनाथ, उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक, और हाल ही में रिलीज़ हुई सैम बहादुर जैसी सुपरहिट फिल्में बनाई हैं।
‘उरी’ ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर बंपर कमाई की बल्कि राष्ट्रीय भावना को भी दिखाया। वहीं, ‘सैम बहादुर’ को इस साल तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिले जिससे रॉनी का प्रोडक्शन हाउस एक बार फिर सुर्खियों में आ गया। उनकी फिल्मों की खासियत यह है कि वे वास्तविक घटनाओं और प्रेरणादायक कहानियों पर आधारित होती हैं, जो दर्शकों को भावनात्मक रूप से जोड़ती हैं।
दुनिया के सबसे अमीर अभिनेता
‘बॉलीवुड के किंग’ कहे जाने वाले शाहरुख खान ने साल 2023 में ‘जवान’, ‘पठान’ और ‘डंकी’ जैसी सुपरहिट फिल्मों से बॉक्स ऑफिस पर धमाका किया था। हुरुन इंडिया के मुताबिक, शाहरुख की कुल नेटवर्थ 1.4 अरब डॉलर (लगभग 12,500 करोड़ रुपये) पहुंच चुकी है। इसके साथ ही उन्होंने हॉलीवुड के टॉम क्रूज़, ड्वेन जॉनसन, और जैकी चैन जैसे कलाकारों को भी पीछे छोड़ दिया है।
वे न सिर्फ फिल्मों से बल्कि अपने प्रोडक्शन हाउस रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट, इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स, और कई बड़े ब्रांड एंडोर्समेंट से भी करोड़ों रुपये की कमाई करते हैं।
हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2025 में कौन-कौन
हुरुन इंस्टीट्यूट हर साल भारत के सबसे अमीर व्यक्तियों की लिस्ट जारी करता है। 2025 की रिपोर्ट में इस बार व्यापार, उद्योग, खेल और मनोरंजन सभी क्षेत्रों के दिग्गज शामिल हैं।
मनोरंजन जगत से जोड़ी हस्तियां
- रॉनी स्क्रूवाला – ₹13,300 करोड़
- शाहरुख खान – ₹12,500 करोड़
- करण जौहर – ₹1,880 करोड़
- बच्चन परिवार – ₹1,630 करोड़