जयपुर-अजमेर हाइवे पर गैस सिलेंडर से भरे ट्रक और टैंकर की टक्कर से भीषण आग लग गई।
धमाके के साथ 200 सिलेंडर फटे, केमिकल रिसाव हुआ और हाइवे बंद करना पड़ा।
जयपुर-अजमेर हाइवे पर भीषण हादसा
जयपुर-अजमेर राजमार्ग पर एक भयंकर सड़क हादसा हो गया। एलपीजी सिलेंडर से भरे ट्रक और एक टैंकर की जोरदार टक्कर के बाद भीषण आग लग गई। जिससे ट्रक में रखे करीब 200 सिलेंडर धमाके के साथ फट गए, और इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है टैंकर से केमिकल का रिसाव होने लगा है जिसके बाद पुलिस ने आस पास के ढाबे और रेस्टोरेंट को भी तुरंत खाली करा दिया।
दो घंटे तक फटते रहे सिलेंडर, मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक में आग लगने के बाद करीब दो घंटे तक सिलेंडर एक-एक करके फटते रहे। धमाकों की आवाज़ कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। आसपास के इलाकों में अफरातफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।
सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग इतनी भीषण थी कि कुछ देर के लिए पूरा हाइवे जाम हो गया।
चेकिंग से बचने की कोशिश में हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, उस वक्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर आरटीओ की चेकिंग चल रही थी। बताया जाता है कि चेकिंग से बचने के लिए टैंकर चालक ने अचानक वाहन को ढाबे की ओर मोड़ दिया, जिससे सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई और यह भीषण हादसा हो गया।
डिप्टी सीएम मौके पर पहुंचे
जयपुर-I के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMHO) रवि शेखावत ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन के चालक को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।
वहीं, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। डिप्टी सीएम भी मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि अब स्थिति नियंत्रण में है और राहत कार्य जारी है।
प्रशासन एक्शन में, हाइवे बंद
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। पुलिस और अग्निशमन दल की टीमें डूडू क्षेत्र के पास घटनास्थल पर पहुंचीं। सुरक्षा कारणों से राजमार्ग पर यातायात रोक दिया गया, जिसके चलते जयपुर-अजमेर हाइवे पर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं।
फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है, लेकिन ट्रक और टैंकर दोनों पूरी तरह जलकर खाक हो चुके हैं। अधिकारियों के अनुसार, हादसे की विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।