रायबरेली में दलित युवक की हत्या पर राहुल गांधी और यूपी कांग्रेस ने घटना की निंदा की।
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने परिवार से मुलाकात कर न्याय की लड़ाई का भरोसा दिया।
हरिओम वाल्मीकि ने कहा, “बीजेपी शासन में दलितों की सुरक्षा भगवान भरोसे है
रायबरेली के ऊंचाहार इलाके के ईश्वरदासपुर गांव में दलित युवक हरिओम वाल्मीकि की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या के बाद मामला अब राजनीतिक रंग लेने लगा है। कांग्रेस इस घटना को लेकर पूरी तरह सक्रिय हो गई है। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी तथा उत्तरप्रदेश अध्यक्ष अजय राय दोनों ने घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
राहुल गांधी का बयान
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा,”रायबरेली में दलित युवक हरिओम वाल्मीकि की निर्मम हत्या सिर्फ एक इंसान की नहीं, बल्कि इंसानियत, संविधान और न्याय की हत्या है। आज भारत में दलित, आदिवासी, मुसलमान, पिछड़े और गरीब हर उस व्यक्ति को निशाना बनाया जा रहा है जिसकी आवाज कमजोर है। संविधान की जगह बुलडोजर और इंसाफ की जगह डर ने ले ली है।” उन्होंने आगे कहा कि वह हरिओम के परिवार के साथ खड़े हैं और न्याय की लड़ाई अंत तक लड़ी जाएगी।

अजय राय फतेहपुर पहुंचे
राहुल गांधी के निर्देश पर सोमवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय फतेहपुर पहुंचे, जहां उन्होंने मृतक हरिओम वाल्मीकि के पिता गंगादीन और परिजनों से मुलाकात की। मृतक के घर पहुंचते ही गंगादीन रोते हुए अजय राय से लिपट गए और बोले, “अगर पैसे मांग लेते, तो सब कुछ बेचकर दे देते… पर बेटे को क्यों मार दिया” हरिओम के आखिरी शब्द ‘राहुल गांधी’ थे। अजय राय ने कहा यह हत्या सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि दलित अस्मिता, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सामाजिक न्याय पर हमला है। बीजेपी शासन में दलितों की सुरक्षा भगवान भरोसे है।’ उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के निर्देश पर कांग्रेस पीड़ित परिवार की हर संभव मदद करेगी और इस मामले को विधानसभा और संसद दोनों में उठाया जाएगा।
बीते बुधवार की रात हरिओम वाल्मीकि अपनी ससुराल जा रहे थे। रास्ते में ईश्वरदासपुर गांव के कुछ लोगों ने उन्हें चोर समझकर बेरहमी से पीट दिया। वह मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और जब उनसे सवाल किया गया तो जवाब देने के बजाय उन्होंने ‘राहुल गांधी’ का नाम लिया। भीड़ ने इसे मज़ाक समझकर पिटाई और तेज कर दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कई अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।