Patna Metro: आज से पटना में मेट्रो सेवा की शुरुआत होगी।
पहले चरण में पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से भूतनाथ स्टेशन तक 4.5 किमी चलेगी।
सीएम नीतीश कुमार करेंगे उद्घाटन, जानें पूरा रूट और सुविधा।

बिहार की राजधानी पटना के लिए 6 अक्तूबर का दिन ऐतिहासिक दिन बनने वाला है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मेट्रो सेवा का शुभारंभ करेंगे। इसी मौके पर वह बेली रोड पर मेट्रो के भूमिगत निर्माण कार्य की भी नींव भी रखेंगे। लंबे वक्त से जिस प्रोजेक्ट का इंतजार किया जा रहा था।
आज यानी 6 अक्टूबर को सुबह 11 बजे मेट्रो की शुरुआत होगी। पहले चरण में मेट्रो पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से जीरो माइल होते हुए भूतनाथ स्टेशन तक चलेगी यानी करीब 4.5 किलोमीटर की दूरी तय करेगी । इस रूट पर मेट्रो में तीन डिब्बे होंगे जिसमें 138 यात्री बैठ सकते हैं, और 945 यात्री खड़े होकर सफर कर सकेंगे।
लोकार्पण के साथ ही, मुख्यमंत्री पटना जंक्शन समेत 6 भूमिगत स्टेशनों और 9.35 किलोमीटर लंबे टनल के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास करेंगे। यह टनल पटना के सबसे व्यस्त इलाकों को जोड़ेगा जिससे ट्रैफिक की परेशानी काफी हद तक कम होगी।

मेट्रो सेवा शुरू होने से पटना की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव आएगा। लोगों को ट्रैफिक के जाम से राहत मिलेगी, सफर तेज़ और आरामदायक होगा, और पर्यावरण पर दबाव भी घटेगा। दशहरा से पहले मेट्रो का ट्रायल रन किया गया था, और अब सभी सुरक्षा मानकों को मंजूरी मिल चुकी है।
पटना मेट्रो प्रोजेक्ट की घोषणा को करीब 10 साल से ज़्यादा का समय बीत चुका है। बीच में काम की धीमी रफ्तार और कई दिक्कतों की वजह से इसकी तारीखें कई बार आगे बढ़ी। लेकिन अब सुरक्षा मंजूरी और उद्घाटन की तारीख तय होने के साथ ही लोगों का इंतज़ार खत्म हो गया है।
