तमिलनाडु के सीएम एम.के. स्टालिन, राज्यपाल और बीजेपी दफ़्तर को बम से उड़ाने की धमकी से चेन्नई में हड़कंप।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, हाई प्रोफाइल इलाकों में कड़ी निगरानी।
चेन्नई में शुक्रवार को सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। एक अज्ञात ईमेल से तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन, राज्यपाल और बीजेपी दफ़्तर को बम से उड़ाने की धमकी मिली। मेल में दावा किया गया है कि पूरे प्रदेश में धमाकों से दहशत फैलाई जाएगी। जैसे ही यह खबर सामने आई, पुलिस और खुफिया एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और राजधानी के हाई प्रोफाइल इलाकों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई।
मुख्यमंत्री आवास, राजभवन और बीजेपी मुख्यालय पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। बम निरोधक दस्ता और साइबर सेल धमकी भरे मेल की जांच में जुट गए हैं। शुरुआत में इसे शरारती तत्वों की हरकत माना गया था, लेकिन बार-बार मिल रही धमकियों को देखते हुए एजेंसियां अब मामले को बेहद गंभीरता से ले रही हैं।
चर्चित हस्तियों को लगातार धमकियां
दरअसल, पिछले कुछ समय से तमिलनाडु की कई चर्चित हस्तियों को लगातार धमकियां मिल रही हैं। पिछले एक महीने में ही मुख्यमंत्री स्टालिन को कई बार बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। चेन्नई के टी नगर स्थित बीजेपी दफ़्तर और अभिनेत्री तृषा को भी धमकी भरे मेल भेजे गए थे। इसीलिए तमिलनाडु पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है और आसपास के इलाकों की गहन जांच की जा रही है। हालांकि अभी तक किसी संदिग्ध गतिविधि का सुराग नहीं मिला है।
पहले भी मिल चुकी है धमकियाँ
यह कोई पहला मौका नहीं है जब स्टालिन को धमकी मिली हो। पिछले साल उनके आवास को उड़ाने की धमकी दी गई थी। साल 2024 में तो हालात और बिगड़ गए थे जब स्टालिन जिस विमान से अमेरिका रवाना हुए थे, उसमें बम होने की सूचना से हड़कंप मच गया था। वहीं, हाल ही में फिल्म अभिनेता से राजनेता बने विजय को भी ऐसी धमकी मिली थी। उनकी रैली में हुई 41 लोगों की मौत के बाद से उनका नाम लगातार सुर्खियों में है और पुलिस ने उनके घर की सुरक्षा बढ़ा दी है।