Fact Check
Search

जानें कैसे होगा इस बार अयोध्या राम मंदिर का दशहरा खास…

जानें कैसे होगा इस बार अयोध्या राम मंदिर का दशहरा खास…

अयोध्या के राम मंदिर में इस बार का दशहरा बड़ा ही खास होने वाला है। विजयदशमी के शुभ अवसर पर पहली बार संत-महात्माओं की मौजूदगी में भगवान रामलला का राज्याभिषेक समारोह आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर रामलला का विधिपूर्वक अभिषेक विविध औषधीय पदार्थों से किया जाएगा और विशेष शृंगार भी किया जाएगा। इसके बाद 56 भोग अर्पित किए जाएंगे और मध्याह्न 12 बजे राजभोग के साथ भव्य आरती भी होगी।

दशहरे के दिन शस्त्र पूजा की परंपरा रही है। इस बार इस परंपरा में विशेष बात यह है कि भगवान राम के साथ-साथ राम मंदिर के परकोटे में स्थित छह अन्य मंदिरों में प्रतिष्ठित देवी-देवताओं के अस्त्र-शस्त्रों की भी पहली बार पूजा की जाएगी । राम मंदिर निर्माण के प्रभारी गोपाल राव के अनुसार, विजयदशमी असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है। इस पर्व के माध्यम से प्रभु राम ने सत्य के मार्ग पर चलते हुए समाज के लिए आदर्श प्रस्तुत किया और नवरात्रि के दौरान शक्ति की पूजा कर उसे समाज के हित में उपयोग करने का संदेश दिया।

सुरक्षा के लिहाज से भी इस बार खास तैयारी की गई है। अयोध्या राम मंदिर परिसर के 70 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक सुरक्षा उपकरणों वाली 3,600 मीटर लंबी बाउंड्री वाल का निर्माण शुरू हो चुका है। मंगलवार को महाष्टमी के दिन क्रासिंग 11 प्रवेश द्वार के पास दोबारा भूमि पूजन कर इसकी आधारशिला रखी गई। इसके निर्माण की जिम्मेदारी भारत सरकार की इंजीनियरिंग इंडिया लिमिटेड ने दो अलग-अलग एजेंसियों को सौंपी है।

इसके साथ ही इस बार अयोध्या दीपोत्सव भी खास होने वाला है, क्योंकि राम मंदिर पूरी तरह तैयार है। पहली बार 1251 अर्चक एक साथ सरयू की महाआरती करेंगे और नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाएंगे। जिला प्रशासन इस भव्य आयोजन की तैयारी कर रहा है। 2024 में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के समय 1100 अर्चकों ने एक साथ महाआरती कर विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया था।

Shashwat Srijan

Content Writer

Leave a Comment

Your email address will not be published.