कैलिफोर्निया में रात के अंधेरे में लोगों ने देखा आसमान से गिरती आग जैसी रोशनी।
जानिए इस रहस्यमयी नजारे का असली कारण और स्पेसएक्स स्टारलिंक सैटेलाइट का मलबा।
अमेरिका के कैलिफोर्निया शहर में रात के अंधेरे में आसमान में एक रहस्यमयी रोशनी दिखाई दी, जिसने वहां मौजूद लोगों को हैरान कर दिया। इस नजारे को कई लोगों ने अपने कैमरे में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा किया।
लोगों ने बताया कैसा था नजारा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह रोशनी धरती की ओर बढ़ती हुई नजर आ रही थी और धीरे-धीरे अलग-अलग टुकड़ों में बिखरती दिख रही थी। स्थानीय लोगों का कहना था कि चमकते हुए इस नजारे को देखकर ऐसा लग रहा था मानो आसमान से आग जैसी लपटें नीचे गिर रही हों।
कई जगहों से दिखा नजारा
यह नजारा गुरुवार को कैलिफोर्निया के अलावा सैन फ्रांसिस्को और नेवादा के रेनो समेत आसपास के इलाकों से भी देखा गया। वहां के लोगों ने भी इस घटना के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किए और इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
लोगों के अनुमान
कई लोगों का मानना था कि यह कोई उल्का पिंड है जो धरती पर गिरने वाला है, वहीं कुछ लोगों ने इसे एलियन के जहाज से जोड़कर देखा। रहस्यमयी रोशनी को लेकर अलग-अलग तरह की अटकलें लगाई जाती रहीं।
क्या है असली वजह
बाद में इस घटना पर स्पष्टीकरण देते हुए अमेरिकन मीटियर सोसाइटी (AMS) ने कहा कि यह कोई उल्का पिंड नहीं था। दरअसल, यह स्पेसएक्स के स्टारलिंक सैटेलाइट का मलबा था। जब किसी सैटेलाइट की आयु पूरी हो जाती है और वह वायुमंडल में प्रवेश करता है, तो घर्षण के कारण जलते-जलते खाक हो जाता है। यही मलबा लोगों को आसमान में चमकती हुई रोशनी और उल्का पिंड जैसा नजारा देता है।