रक्षा मंत्रालय ने CDS जनरल अनिल चौहान का कार्यकाल 30 मई, 2026 तक बढ़ाया।
तीनों सेनाओं के समन्वय और रक्षा मंत्रालय के महत्वपूर्ण पदों पर बने रहेंगे।
नई दिल्ली। देश की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए रक्षा मंत्रालय ने भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान के कार्यकाल को बढ़ाने की मंजूरी दी है। अब 30 मई, 2026 तक इस पद पर बने रहेंगे। इस निर्णय की जानकारी रक्षा मंत्रालय ने एक आधिकारिक एक्स पोस्ट के माध्यम से दी।
मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी में कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने 24 सितंबर को जनरल चौहान को सेवा विस्तार देने पर सहमति जताई है। सीडीएस के रूप में वे न केवल तीनों सेनाओं के बीच समन्वय की अहम भूमिका निभा रहे हैं, इसके साथ ही रक्षा मंत्रालय के सैन्य मामलों के विभाग (डीएमए) के सचिव पद का दायित्व भी संभाल रहे हैं।
जनरल चौहान ने 30 सितंबर, 2022 को भारत के दूसरे चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ का पद संभाला था। उनकी नियुक्ति सीडीएस जनरल बिपिन रावत के हेलिकॉप्टर हादसे में निधन के बाद इस पद के लिए हुई थी ।
अनिल चौहान का सैन्य करियर
जनरल अनिल चौहान का सैन्य जीवन चार दशकों से ज्यादा का रहा । उन्होंने 1981 में भारतीय सेना में गढ़वाल राइफल्स से शरुआत की था। इस लंबे करियर में उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। विशेष रूप से, वे कोलकाता के फोर्ट विलियम स्थित पूर्वी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ रहे। मई 2021 में इसी पद से वे सेवानिवृत्त हुए थे।
उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें कई बार सम्मानित किया गया। उन्हें परम विशिष्ट सेवा मेडल, उत्तम युद्ध सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल, सेना मेडल और विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका हैं ।