Search

बिहार में फिर बवाल : तेजस्वी यादव की सभा से पीएम मोदी की मां को दी गाली ?

तेजस्वी यादव की सभा से जुड़ा नया वीडियो वायरल, पीएम मोदी की मां को गाली दिए जाने का आरोप

गिरिराज सिंह बोले: यह सिर्फ मोदी जी की मां का अपमान नहीं, बल्कि बिहार की अस्मिता का भी अपमान है।

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी मां को लेकर गाली दिए जाने का विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल ही में कांग्रेस-राजद की सभा में अपशब्द बोले जाने का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि एक और नया विवाद सामने आ गया है ।

तेजस्वी यादव की सभा में नारे

तेजस्वी यादव अपनी बिहार अधिकार यात्रा के आखिरी दिन महुआ पहुंचे थे। आरोप है कि इस सभा में मौजूद कुछ लोगों ने मंच के नीचे से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। हालांकि, राजद विधायक मुकेश रोशन ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि सभा फेसबुक पर लाइव प्रसारित हो रही थी और उसमें ऐसा कोई वाकया नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने सभा की वीडियो क्लिप से छेड़छाड़ कर नया वीडियो बनाया है ताकि तेजस्वी यादव की बढ़ती लोकप्रियता पर रोक लगाई जा सके।

बीजेपी की प्रतिक्रिया

घटना पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि यह गाली सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को नहीं दी गई है, बल्कि यह बिहार की अस्मिता का अपमान है। वहीं इस मामले पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की भी प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि लालू प्रसाद यादव का परिवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को गाली दिलवा रहा है।

वोटर अधिकार यात्रा में भी दी गई थी गाली

इससे कुछ हफ्ते पहले नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा में एक मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  और उनकी मां को गाली दिए जाने का मामला सामने आया था। यह घटना दरभंगा जिले की थी। आरोप है कि कांग्रेस नेता मोहम्मद नौशाद के मंच से  समर्थक ने प्रधानमंत्री की मां को गाली दी थी। वीडियो वायरल होने के बाद और बवाल मचने के बाद नौशाद ने प्रधानमंत्री का नाम लेकर माफी मांगी थी। इस घटना के बाद भी राजनीतिक  बवाल हुआ था ।

 

Leave a Comment

Your email address will not be published.