बिहार अधिकार यात्रा के दौरान महुआ में तेजस्वी यादव की सभा में पीएम मोदी की मां को गाली देने का वीडियो सामने आया। बीजेपी ने विरोध जताया, RJD ने आरोपों को नकारा।
तेजस्वी यादव की बिहार अधिकार यात्रा के अंतिम दिन शनिवार को पीएम की मां को गाली देने का मामला सामने आया है।दरअसल यह मामला उस समय का है जब तेजस्वी यादव अपनी बिहार अधिकार यात्रा के तहत वैशाली जिले के महुआ विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान आरजेडी समर्थक BJP-RSS के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस बीच तेजस्वी की मौजूदगी में पीएम मोदी की मां को गाली दी जाने लगी। हालांकि तेजस्वी अपना भाषण देते रहे। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
तेजस्वी दे रहे थे भाषण
तेजस्वी यादव की बिहार अधिकार यात्रा जब महुआ पहुंची तो सभा में मौजूद भीड़ से प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ गालियां सुनाई दी. तेजस्वी यादव मंच से केंद्र सरकार और पीएम मोदी पर तीखे हमले कर रहे थे और आरोप है कि इसी दौरान मंच के नीचे मौजूद भीड़ में से समर्थकों ने प्रधानमंत्री को लेकर गालियां दीं. पूरा माहौल कुछ देर के लिए गर्मा गया.
बीजेपी ने इस पर विरोध जताया
बिहार के डिप्टी सीएम और बीजेपी नेता सम्राट चौधरी ने कहा, ‘तेजस्वी यादव के मंच से, उनकी मौजूदगी में एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की स्वर्गीय माताश्री को गाली दी गई. यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है और लोकतंत्र का घोर अपमान है.’ उन्होंने सवाल उठाया, ‘क्या यही विपक्ष की राजनीति है. क्या मां-बहनों को गाली देना ही उनका संस्कार और हथियार बन गया है?’ उन्होंने कहा, ‘बिहार की जनता इस गंदी राजनीति को अच्छी तरह समझ रही है और लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी.’
आरजेडी ने दी पूरे मामले की सफाई
इस पूरे मामले पर आरजेडी की ओर से सफाई सामने आई है. आरजेडी नेता मुकेश रौशन ने कहा है कि वीडियो में ऑडियो को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है. उन्होंने कहा, ‘महुआ में बिहार अधिकार यात्रा के दौरान तेजस्वी जो भाषण दे रहे हैं, वो मेरे फेसबुक पेज पर है, सुन सकते हैं, उसमें किसी भी कार्यकर्ता या कोई आदमी माननी प्रधानमंत्री जी को गाली-गलौज नहीं कर रहा.’ आगे उन्होंने कहा, ‘बीजेपी के लोग जो वीडियो डाल रहे हैं, उसमें नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के भाषण की आवाज भी नहीं है.