“यह नया भारत है, किसी की परमाणु धमकियों से डरता नहीं है, घर में घुसकर मारता है।” – पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि पाकिस्तान से आए आतंकियों ने हमारी मां-बहनों का सिंदूर उजाड़ा था, लेकिन हमने उनके आतंकी ठिकानों को ही उजाड़ दिया। भारत के वीर जवानों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे वीर जवानों ने पलक झपकते ही पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया।
देश और दुनिया देख रही है कि पाकिस्तान के आतंकी किस तरह रो-रोकर अपना हाल बयां कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने मध्यप्रदेश के धार में 46 मिनट तक जनसभा को संबोधित किया।
पीएम मित्र पार्क का शिलान्यास
अपने जन्मदिन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के धार जिले के भैसोला में देश के पहले पीएम मित्र पार्क का शिलान्यास किया। इसी के साथ उन्होंने पूरे देश के लिए “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान की भी शुरुआत की।
उन्होंने नारी, युवा, गरीब और किसान को विकसित भारत के चार स्तंभ बताया और कहा कि आज इस कार्यक्रम से चारों स्तंभों को नई ऊर्जा मिली है।
स्वदेशी अपनाने की अपील
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से स्वदेशी अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि 22 सितंबर, यानी नवरात्र के पहले दिन से जीएसटी की दर कम कर दी जाएगी।
साथ ही उन्होंने आग्रह किया कि देशवासी जो भी खरीदें वह स्वदेशी हो, क्योंकि आत्मनिर्भर भारत ही विकसित भारत का आधार है।
“स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान
प्रधानमंत्री ने कहा, “घर में मां बीमार हो जाए तो पूरा परिवार चरमरा जाता है। इसलिए मां-बहनों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं।”
इस अभियान के तहत 2 अक्टूबर तक देशभर में लगने वाले स्वास्थ्य शिविरों में निशुल्क जांच और मुफ्त दवाई उपलब्ध कराई जाएगी।
पीएम मोदी ने कहा – “मां-बहनों के स्वास्थ्य से ज्यादा कीमती सरकारी तिजोरी नहीं है।”
टेक्सटाइल इंडस्ट्री को नई दिशा
पीएम मोदी ने धार में देश का पहला पीएम मित्र पार्क दिया। उन्होंने बताया कि इस पार्क से भारत की टेक्सटाइल इंडस्ट्री को नई ऊर्जा मिलेगी, किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य मिलेगा और युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार मिलेगा।
उन्होंने कहा कि पूरे भारत में ऐसे 6 पीएम मित्र पार्क खोले जाएंगे।
5F विजन क्या है?
भारत सरकार टेक्सटाइल इंडस्ट्री के लिए 5F विजन पर काम कर रही है। इसका अर्थ है:
Farm (खेत)
Fiber (रेशा)
Factory (कारखाना)
Fashion (फैशन)
Foreign (विदेश)