बिहार की राजनीति में हलचल, JDU विधायक मीना द्विवेदी ने पार्टी से इस्तीफा देकर प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी जॉइन की।
गोविंदगंज सीट पर JDU की मुश्किलें बढ़ीं। पढ़ें पूरी खबर।
बिहार की राजनीति में नया घटनाक्रम देखने को मिला है। पूर्वी चंपारण के गोविंदगंज विधानसभा से तीन बार जेडीयू विधायक रही मीना द्विवेदी ने प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा को इस्तीफा भेज दिया है । मीना ने पार्टी पर उपेक्षा का आरोप लगाया और अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ जनसुराज पार्टी में शामिल हो गईं। बुधवार को उन्होंने जेडीयू के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के साथ प्रशांत किशोर से मुलाकात करते हुए “जनसुराज पार्टी” का समर्थन किया।
JDU के लिए बड़ा झटका
मीना द्विवेदी का यह फैसला नीतीश कुमार की पार्टी JDU के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है,खासकर तब जब बिहार में विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहा है। मीना द्विवेदी ने JDU के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा को अपना इस्तीफा भेजते हुए कहा कि उन्हें और उनके समर्थकों को आम जनता के हित में काम करने के लिए पार्टी से कोई प्रेरणा या ऊर्जा नहीं मिल रही है।
नीतीश कुमार की पार्टी के लिए गोविंदगंज विधानसभा सीट पर खतरा
मीना द्विवेदी का इस्तीफा NDA गठबंधन विशेष रूप से JDU के लिए सियासी नुकसान के रूप में देखा जा रहा है। गोविंदगंज से तीन बार विधायक रहने की वजह से वहां उनकी पकड़ मजबूत हो गई है। जिससे JDU के लिए खतरा साबित हो सकता है क्योंकि मीना द्विवेदी अब जनसुराज पार्टी का हिस्सा हैं।