पोस्टर में राहुल,अखिलेश और तेजस्वी को दिखाया ब्रह्मा विष्णु महेश ! राहुल बोले भाजपा-आरएसएस नहीं चाहती ओबीसी आगे बढ़ें
सपा कार्यकर्ता के पोस्टर में राहुल, अखिलेश और तेजस्वी को दिखाया गया ब्रह्मा-विष्णु-महेश,राहुल गांधी ने रायबरेली दौरे में भाजपा-आरएसएस पर ओबीसी, दलित और आदिवासियों को पीछे रखने का आरोप लगाया। जानिए क्या है पूरा मामला
कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी मंगलवार को दो दिन के दौरे पर रायबरेली पहुंचे। उन्होंने प्रजापति समाज के सम्मेलन और कई स्थानीय कार्यक्रमों में हिस्सा लिया तथा भाजपा-आरएसएस पर तीखे आरोप लगाए साथ ही रास्ते में हुए विरोध-प्रदर्शन और काफिला रुकवाने की घटना का जिक्र भी किया।
दैनिक भास्कर के मुताबिक, प्रजापति समाज के सम्मेलन में शामिल हुए राहुल ने कहा कि देश की लगभग 90 प्रतिशत आबादी ओबीसी, दलित और आदिवासी को आगे नहीं बढ़ने दिया जा रहा है । उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री खुद को ओबीसी बताते हैं फिर भी जातिगत जनगणना पर कोई बात क्यों नहीं होती। राहुल ने कहा ‘‘जब आप मनरेगा की सूची देखोगे तो ओबीसी का नाम मिलेगा, पर कॉरपोरेट इंडिया की लीडरशिप में कोई ओबीसी नहीं मिलेगा।”
जानकारी के मुताबिक राहुल के काफिले को रास्ते में रोका भी गया। रिपोर्ट के अनुसार उत्तर प्रदेश के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह और उनके समर्थक सड़क पर धरने पर बैठ गए और नारेबाज़ी करने लगे। वे प्रधानमंत्री की माँ को गाली दिए जाने के मामले को लेकर राहुल का विरोध कर रहे थे । पुलिस ने हस्तक्षेप कर मंत्री को हटाया और काफिला आगे बढ़ा। इस घटना पर राजनैतिक हलकोमें आरोप-प्रत्यारोप होते रहे। भाजपा का कहना था कि राहुल को माफी मांगनी चाहिए, जबकि कांग्रेस ने मंत्री की हरकत को ‘ओछी’ बताया।
राहुल ने अपने कार्यक्रमों के सिलसिले में बटोही रिजॉर्ट में बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात की, राहुल ने कहा कि वोट-चोरी और चुनाव आयोग की भूमिका पर उन्होंने संसद में सवाल उठाए हैं और इसे रुकवाना आवश्यक है।
घटनास्थल पर सपा के एक कार्यकर्ता द्वारा लगाए गए पोस्टर (जिसमें राहुल, अखिलेश और तेजस्वी यादव को ब्रह्मा-विष्णु-महेश) के रूप में दिखाया गया, पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। वहीं कांग्रेस नेताओं ने रोज़गार, जातिगत जनगणना और स्थानीय विकास के मुद्दों पर राहुल का समर्थन किया।