Vice President Election 2025: सीपी राधाकृष्णन बनाम बी. सुदर्शन रेड्डी, आज होगा नए उपराष्ट्रपति का फैसला
भारत के 17वें उपराष्ट्रपति का चुनाव आज हो रहा है। मुकाबला एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन और इंडिया ब्लॉक प्रत्याशी बी. सुदर्शन रेड्डी के बीच है। मतदान और मतगणना आज ही पूरी होगी। जानें पूरा अपडेट।
नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे के बाद आज देश के 17वें उपराष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतदान हो रहा है। मुकाबला बेहद रोचक है क्योंकि एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन और विपक्षी इंडिया ब्लॉक उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी – दोनों ही दक्षिण भारत से आते हैं।
धनखड़ का इस्तीफा
21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों से जगदीप धनखड़ ने उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके कार्यकाल के अभी दो वर्ष शेष थे, लेकिन नए निर्वाचित उपराष्ट्रपति को पूरा 5 साल का कार्यकाल मिलेगा।
यह भारत के इतिहास में सिर्फ तीसरी बार है जब किसी उपराष्ट्रपति ने कार्यकाल पूरा होने से पहले पद छोड़ा है। इससे पहले वी.वी. गिरी और आर. वेंकटरमन ने राष्ट्रपति चुनाव लड़ने के लिए इस्तीफा दिया था।
मतदान और निर्वाचन मंडल
मतदान आज मंगलवार सुबह 10:00 बजे से 5:00 बजे तक होगा। मतगणना आज ही शाम 6:00 बजे शुरू होगी। निर्वाचन मंडल में संसद के दोनों सदनों के कुल 782 सदस्य शामिल हैं। उपराष्ट्रपति बनने के लिए किसी उम्मीदवार को कम से कम 391 वोट हासिल करने होंगे।
लोकसभा में एनडीए को 293 सांसदों का समर्थन है, जबकि राज्यसभा में 129 का। वहीं, बीआरएस और बीजेडी ने चुनाव से दूर रहने का फैसला किया है।
उम्मीदवारों पर एक नजर➡
- इंडिया ब्लॉक उम्मीदवार – बी. सुदर्शन रेड्डी
सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश (सेवानिवृत्ति: जुलाई 2011)।
काले धन मामलों में तत्कालीन केंद्र सरकार की आलोचना करने वाले फैसलों के लिए चर्चा में रहे ।
छत्तीसगढ़ के सलवा जुडूम को असंवैधानिक ठहराने वाले ऐतिहासिक निर्णय से सुर्खियों में रहे।
- एनडीए उम्मीदवार – सीपी राधाकृष्णन
वर्तमान में महाराष्ट्र के राज्यपाल। तमिलनाडु के वरिष्ठ भाजपा नेता और ओबीसी गौंडरकोंगू वेल्लालर समुदाय से आते हैं। ये तमिल नाडु में ओबीसी जाति के अंतर्गत आते है 1998 और 1999 में कोयंबटूर से दो बार लोकसभा सांसद चुने गए। पार्टी में आरएसएस विचारक और मृदुभाषी छवि के नेता माने जाते हैं।
अब सभी की निगाह आज शाम की मतगणना पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि देश का अगला उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन होंगे या बी. सुदर्शन रेड्डी।