बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले महागठबंधन में सीट शेयरिंग पर टकराव बढ़ गया है। JMM और RLJP (पशुपति पारस गुट) की एंट्री से RJD, कांग्रेस और वाम दलों के बीच समीकरण और जटिल हो गए हैं। पढ़ें पूरी रिपोर्ट।
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले विपक्षी महागठबंधन (INDIA Bloc) में सीट बंटवारे का समीकरण और पेचीदा हो गया है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) और लोक जनशक्ति पार्टी (पशुपति पारस गुट) के शामिल होने से गठबंधन में अब कुल आठ दल हो गए हैं। ऐसे में 243 विधानसभा सीटों का बंटवारा सभी को साधते हुए करना आसान नहीं दिख रहा।
पासवान वोट बैंक पर नज़र, खगड़िया में RLJP की दावेदारी
राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक़, RLJP (पशुपति पारस गुट) के जुड़ने से महागठबंधन को पासवान वोटों में फायदा मिलने की उम्मीद है। खासकर खगड़िया और आसपास के इलाकों में पारस गुट की पकड़ मजबूत मानी जाती है। अनुमान है कि पार्टी 2–3 सीटों पर दावा कर सकती है।
JMM की नजर सीमावर्ती जिले
JMM के महागठबंधन में आने से उसकी नज़र बिहार-झारखंड बॉर्डर वाले ज़िलों—बाँका, मुंगेर और भागलपुर—पर है। इन इलाकों में पार्टी का प्रभाव माना जाता है। ऐसे में संभावना है कि JMM इन जिलों में सीटें मांगे, जिससे RJD और कांग्रेस को अपने हिस्से से एडजस्ट करना पड़ेगा।
पिछला चुनाव और दलों की मौजूदा स्थिति
- RJD: 2020 चुनाव में 144 सीटों पर लड़ी, 75 जीतीं
- कांग्रेस: 70 सीटों पर लड़ी, 19 जीतीं
- CPI-ML व CPM: कई इलाकों में अच्छा प्रदर्शन, इस बार ज्यादा सीटों की मांग
यानी पहले से ही सीट शेयरिंग चुनौतीपूर्ण थी, अब नए दलों की एंट्री से समीकरण और जटिल हो गया है।
आगे की रणनीति
फिलहाल महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे पर बातचीत जारी है। सूत्रों का कहना है कि अंतिम सूची जारी होने से पहले और भी बदलाव देखने को मिल सकते हैं।