वोटर अधिकार यात्रा का समापन आज, विपक्ष करेगा शक्ति प्रदर्शन
पटना। बिहार की राजनीति में आज का दिन अहम माना जा रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव की अगुवाई में निकली वोटर अधिकार यात्रा सोमवार को पटना में समाप्त होगी। इस मौके पर विपक्षी गठबंधन INDIA अपनी ताक़त का बड़ा प्रदर्शन करने जा रहा है।

गांधी मैदान से आंबेडकर प्रतिमा तक मार्च
कार्यक्रम के तहत गांधी मैदान से हाईकोर्ट स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा तक विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी। पटना प्रशासन ने बड़ी सभा की अनुमति नहीं दी है, इसलिए इसे मार्च के रूप में आयोजित किया गया है। विपक्ष इसे जनता से जुड़ाव और शक्ति प्रदर्शन बता रहा है।
विपक्ष के दिग्गज नेता जुटेंगे
इस पदयात्रा में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, एनसीपी (शरद पवार गुट) की सुप्रिया सुले, वामपंथी नेता डी. राजा, एम.ए. बेबी और दीपंकर भट्टाचार्य शामिल होंगे। इन नेताओं की मौजूदगी से पटना का सियासी माहौल गरमाने की उम्मीद है।
ऐतिहासिक तैयारी
महागठबंधन ने इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी की है। पटना की सड़कों पर पोस्टर और बैनर लगाए गए हैं।
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था
गांधी मैदान और आसपास सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। ऑटो और ई-रिक्शा पर रोक लगाई जाएगी और कई मार्गों का ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा।
विवादों से गरमाया माहल
यात्रा से पहले ही विवाद सामने आ चुके हैं। दरभंगा में एक होटल संचालक ने मोटरसाइकिल चोरी का आरोप लगाया है। वहीं पटना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी माँ के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी का मामला गरमाया हुआ है। भाजपा ने इसको लेकर मोमबत्ती मार्च निकाला और विपक्ष पर हमला बोला। ऐसे में कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक तनाव बढ़ने की संभावना है।
लोकतंत्र बचाने का संदेश
विपक्ष का कहना है कि यह यात्रा सिर्फ राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि मतदाता अधिकार और लोकतंत्र बचाने का आंदोलन है। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया है कि चुनाव आयोग के स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न (SIR) के दौरान कई नाम मतदाता सूची से गलत तरीके से हटाए गए हैं। उनका कहना है कि यह जनता के वोट अधिकार पर सीधा हमला है।