9 दिन में 400 करोड़ के करीब ‘धुरंधर’, सेकेंड सैटरडे बना गेमचेंजर, बॉक्स ऑफिस पर रणवीर का राज! रिकॉर्ड टूटने की कगार पर ‘छावा’ और ‘पुष्पा 2’

बॉक्स ऑफिस पर इस वक्त जो माहौल बना हुआ है, उसने ट्रेड एनालिस्ट्स से लेकर दर्शकों तक सभी को हैरान कर दिया है। रणवीर सिंह की नई फिल्म ने रिलीज के कुछ ही दिनों में ऐसा दम दिखाया है कि अब सिर्फ हालिया हिट फिल्मों ही नहीं, बल्कि बड़े-बड़े रिकॉर्ड भी खतरे में नजर आने लगे हैं। शुरुआत भले ही उतनी धमाकेदार न रही हो, लेकिन जैसे-जैसे दिन बढ़े, फिल्म की कमाई ने रफ्तार पकड़ ली और अब इसका असर सीधे नंबर-1 फिल्मों पर दिख रहा है।
धीमी ओपनिंग, लेकिन जबरदस्त पकड़
पहले दिन का कलेक्शन भले ही कुछ फिल्मों जितना बड़ा नहीं था, लेकिन वर्ड ऑफ माउथ और दर्शकों की दिलचस्पी ने इसे धीरे-धीरे मजबूत बना दिया। दूसरे और तीसरे दिन से ही फिल्म की कमाई में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली, जो यह संकेत दे रही थी कि यह फिल्म लंबी रेस का घोड़ा साबित होने वाली है।
पहले हफ्ते में 200 करोड़ का आंकड़ा पार
आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस एक्शन-एडवेंचर ड्रामा फिल्म ने पहले ही हफ्ते में बॉक्स ऑफिस पर बड़ी छलांग लगा दी है । रिलीज के शुरुआती सात दिनों में फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 207.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। यह आंकड़ा अपने आप में इस बात का सबूत है कि फिल्म को देशभर में दर्शकों का मजबूत समर्थन मिल रहा है। पहले हफ्ते की इस शानदार कमाई के बाद यह साफ हो गया था कि फिल्म का असली खेल अब दूसरे हफ्ते में शुरू होगा।

सेकेंड फ्राइडे ने बदली पूरी तस्वीर
फिल्म का असली कमाल दूसरे शुक्रवार को देखने को मिला। आठवें दिन फिल्म ने 32.5 करोड़ रुपये की कमाई की, जो विक्की कौशल की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘छावा’ के आठवें दिन के कलेक्शन 23.5 करोड़ रुपये से कहीं ज्यादा रही। यही वह से यह साफ हो गया कि मुकाबला अब बेहद गंभीर होने वाला है। सेकेंड फ्राइडे का यह आंकड़ा साबित करता है कि दर्शकों की दिलचस्पी कम होने के बजाय और बढ़ रही है।
नौवें दिन भी कमाई की रफ्तार बरकरार
अब बात करें नौवें दिन की, तो यहां भी फिल्म ने निराश नहीं किया। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, रिलीज के 9वें दिन दोपहर करीब 4:10 बजे तक फिल्म ने 20.19 करोड़ रुपये कमा लिए थे। इसके साथ ही फिल्म का कुल घरेलू कलेक्शन बढ़कर 259.94 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। यह डेटा अभी फाइनल नहीं है और दिन खत्म होने तक इसमें और इजाफा होने की पूरी संभावना है। ट्रेड पंडितों का मानना है कि वीकेंड का फायदा फिल्म को और मजबूत बना सकता है।
सेकेंड सैटरडे पर टिकी सबकी नजर
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या रणवीर सिंह की यह फिल्म सेकेंड सैटरडे पर नया रिकॉर्ड बना पाएगी। विक्की कौशल की ‘छावा’ ने अपने दूसरे शनिवार को 44 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। यह आंकड़ा अब तक एक मजबूत बेंचमार्क माना जाता रहा है। लेकिन मौजूदा ट्रेंड्स को देखकर कहा जा रहा है कि रणवीर सिंह की फिल्म इस रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच सकती है या इसे तोड़ भी सकती है। अगले कुछ घंटे इस लिहाज से बेहद अहम हैं।
सेकेंड सैटरडे पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप फिल्में
अगर सेकेंड सैटरडे के रिकॉर्ड की बात करें तो इस लिस्ट में कई बड़ी फिल्मों के नाम शामिल हैं। सबसे ऊपर ‘पुष्पा 2’ है, जिसने दूसरे शनिवार को 46 करोड़ रुपये कमाए थे। इसके बाद ‘छावा’ का नंबर आता है, जिसका कलेक्शन 44 करोड़ रुपये रहा। तीसरे स्थान पर ‘स्त्री 2’ है, जिसने 33 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके अलावा ‘एनिमल’ (32.47 करोड़), ‘गदर 2’ (31.07 करोड़), ‘जवान’ (30.1 करोड़), ‘सैयारा’ और ‘बाहुबली 2’ (26.5 करोड़), ‘द कश्मीर फाइल्स’ (24.8 करोड़) और ‘पठान’ (22.5 करोड़) इस लिस्ट में शामिल हैं।
रणवीर सिंह की फिल्म अब इसी सूची में ऊपर की पोजिशन की ओर तेजी से बढ़ रही है।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन ने भी मचाया धमाल
फिल्म की सफलता सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। रणवीर सिंह के साथ-साथ अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर. माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे दमदार कलाकारों से सजी इस फिल्म ने विदेशों में भी शानदार प्रदर्शन किया है। सैक्निल्क के आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के पहले 8 दिनों में ही दुनियाभर में 372.75 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया था। अगर इसमें नौवें दिन की घरेलू कमाई जोड़ दी जाए, तो फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 400 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर चुका है।
ट्रेड एक्सपर्ट्स की मानें तो फिल्म की बढ़ती कमाई के पीछे कई वजहें हैं। एक तो फिल्म का कंटेंट दर्शकों को बांधे हुए है। दूसरा, एक्शन और ड्रामा का संतुलन दर्शकों को पसंद आ रहा है। तीसरा, स्टारकास्ट की परफॉर्मेंस और आदित्य धर का निर्देशन फिल्म को बार-बार देखने लायक बना रहा है। यही वजह है कि दूसरे हफ्ते में भी थिएटर्स में अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है।
क्या खतरे में है ‘छावा’ और ‘पुष्पा 2’ का ताज?
जिस तरह से रणवीर सिंह की फिल्म आगे बढ़ रही है, उसे देखकर यह कहना गलत नहीं होगा कि ‘छावा’ का नंबर-1 का ताज अब पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। वहीं सेकेंड सैटरडे के मामले में ‘पुष्पा 2’ के रिकॉर्ड पर भी खतरे के बादल मंडरा रहे हैं। अगर फिल्म इसी रफ्तार से कमाई करती रही, तो आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस की टॉप लिस्ट में बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है।