फिरोजपुर में दो महीने पहले नहर में फेंकी गई नाबालिग लड़की ज़िंदा मिली। उसने बताया कि नहर में फंसे लोहे के सरिए ने उसकी जान बचाई और वह अब परिवार के साथ नहीं रहना चाहती।
लड़की ने कहा नहर में अटके सरिए ने मेरी जान बचाई, अब मैं अपने परिवार नहीं जाना चाहती
पंजाब के फिरोजपुर में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सभी को हैरान कर दिया है। दो महीने पहले जिसे मृत समझ लिया गया था, वही नाबालिग लड़की अब ज़िंदा मिल गई है। इस घटना ने पुलिस से लेकर इलाके के लोगों तक सभी को चौंका दिया है, क्योंकि लड़की को उसके ही पिता ने हाथ बांधकर नहर में फेंका था और उस घटना का वीडियो भी बनाया गया था। इस वीडियो के वायरल होने के बाद पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। लेकिन अब जब लड़की जीवित मिल गई है, तो इस केस ने एक बिल्कुल नया मोड़ ले लिया है।
इस पूरे मामले की पुष्टि फिरोजपुर के एसएसपी भूपिंदर सिंह ने की है। उन्होंने बताया कि लड़की खुद पुलिस के पास पहुंची और उसने बताया कि वही लड़की है। जिसे उसके पिता ने नहर में धक्का दिया था। पुलिस ने तुरंत उसे सुरक्षित रखा और अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की।
लोहे के सरिये ने बचाई जान
लड़की ने अपने बयान में बताया कि जब उसके पिता ने उसे नहर में धक्का दिया था । तब उसके हाथ बंधे हुए थे और वह काफी डर गई थी। लेकिन कुछ दूरी जाने के बाद उसका हाथ एक लोहे के सरिए में फंस गया। उसी सरिए ने उसकी जान बचाई, नहीं तो वह तेज़ बहाव में बह जाती। उसने कहा कि बड़ी मुश्किल से वह खुद को नहर से बाहर निकाल पाई।
लड़की ने यह भी बताया कि नहर से बाहर आने के बाद वह सदमे में थी और किसी से संपर्क नहीं करना चाहती थी। दो महीनों तक वह कहां रही और कैसे रही, इस बारे में वह अभी खुलकर बात नहीं करना चाहती है। पुलिस का कहना है कि जैसे-जैसे लड़की की मानसिक स्थिति बेहतर होगी उससे और जानकारी ली जाएगी। लड़की ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि “अब वह अपने पिता और परिवार के साथ वापस नहीं जाना चाहती। उसने साफ कहा कि “वह अपनी बुआ के साथ रहना चाहती है। उसका कहना है कि पिता के किए ने उसके मन में अब डर और नफरत भर दी है।” लड़की की बुआ को जैसे ही ये खबर मिली कि वह ज़िंदा है, उन्होंने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि “पूरा परिवार मान चुका था कि बच्ची अब इस दुनिया में नहीं है, लेकिन अब उसकी वापसी हमारे लिए किसी चमत्कार से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि “वे चाहते हैं कि लड़की अब सुरक्षित माहौल में रहे और उसका भविष्य सुरक्षित हो।”
यह घटना दो अक्टूबर को हुई थी, जब कैमरे में पिता अपनी ही बेटी को बांधे हाथों के साथ नहर में धक्का देते हुए दिखा था। वीडियो सामने आते ही लोगों में गुस्सा फैल गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।