भारत पर हमला करने की फिराक में हाफिज सईद! बांग्लादेश में बना रहा नया आतंकी ठिकाना
आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) भारत के खिलाफ एक नई साजिश रच रहा है। खुफिया एजेंसियों के अनुसार, इस बार हाफिज सईद भारत पर हमला करने के लिए बांग्लादेश को लॉन्चपैड की तरह इस्तेमाल करने की तैयारी कर रहा है। यह खुलासा 30 अक्टूबर को पाकिस्तान के खैरपुर तमेवाली में हुई एक रैली के वीडियो से हुआ है।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ से बौखलाए
इस रैली में लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर सैफुल्लाह सैफ ने कहा कि हाफिज सईद भारत पर बांग्लादेश के रास्ते हमला करने की योजना बना रहा है। उसने यह भी दावा किया कि लश्कर के आतंकी पहले से ही बांग्लादेश में सक्रिय हैं और वे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जवाब देने के लिए तैयार हैं। खुफिया सूत्रों का कहना है कि हाफिज सईद ने अपने एक करीबी आतंकी को बांग्लादेश भेजा है, जो वहां युवाओं को जिहाद के नाम पर भड़का रहा है। यही व्यक्ति बांग्लादेश में युवाओं की भर्ती कर रहा है और उन्हें आतंकी ट्रेनिंग भी दे रहा है।
भारत के खिलाफ जंग छेड़ने की तैयारी
वीडियो में यह भी दिखा कि सैफुल्लाह सैफ ने रैली के दौरान भारत के खिलाफ जंग छेड़ने की बात कही। सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि इस रैली में बच्चे भी मौजूद थे, जिससे साफ है कि आतंकी संगठन अब नाबालिगों को भी अपनी सोच से प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है।

सैफ ने रैली में पाकिस्तान की सेना की तारीफ की और 9-10 मई की रात हुए ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र भी किया। उसने कहा कि अब अमेरिका हमारे साथ है और बांग्लादेश फिर से पाकिस्तान के करीब आ रहा है। इन बातों का मकसद भीड़ का उत्साह बढ़ाना और समर्थन जुटाना था।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
इस खुलासे के बाद भारत की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। बांग्लादेश सीमा पर घुसपैठ की कोशिशों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। रिपोर्ट यह भी इशारा करती है कि पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच संदिग्ध गठजोड़ बढ़ रहा है, जो भारत की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकता है।
फरीदाबाद से आतंकी साजिश का बड़ा भंडाफोड़! डॉक्टर के घर से मिला 300 किलो विस्फोटक और AK-47