सीएम योगी ने बिहार चुनावी रैली में विपक्ष पर बोला जोरदार हमला, कहा—घुसपैठियों की संपत्ति जब्त कर गरीबों में बाँटेंगे, एनडीए ही दे सकता है सुरक्षित और विकसित बिहार
दरभंगा : बिहार विधानसभा चुनाव का माहौल गरमाता जा रहा है, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को दरभंगा के केवटी विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली के दौरान विपक्ष पर तीखा प्रहार किया है। रैली में भारी भीड़ जुटी थी और पूरे मैदान में ‘जय श्रीराम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे गूंज रहे थे। मंच पर आते ही योगी आदित्यनाथ ने महागठबंधन को जमकर घेरा और एक नया सियासी तंज कसा।
योगी का नया तंज — ‘तीन बंदर’
सीएम योगी ने कहा, “आपने गांधी जी के तीन बंदरों के बारे में तो सुना ही होगा, जो बुरा न देखें, बुरा न सुनें, बुरा न बोलें लेकिन आज इंडिया गठबंधन के तीन नए बंदर आ गए हैं। पप्पू, टप्पू और अप्पू!” उन्होंने गंभीर तंज कसते हुए कहा कि “इस गठबंधन में पप्पू सच बोल नहीं सकता, टप्पू सही देख नहीं सकता, और अप्पू सही सुन नहीं सकता।” इसके पीछे छिपा राजनीतिक संदेश साफ़ था कि विपक्ष न तो देश की सच्चाई देख पा रहा है, न जनता की आवाज़ सुन पा रहा है।
सुरक्षा और घुसपैठ पर सख्त रुख
रैली में योगी आदित्यनाथ ने सुरक्षा के मुद्दे पर एनडीए की नीतियों को मजबूत बताते हुए कहा कि बिहार को ऐसे लोगों से सावधान रहना चाहिए जो देश की आंतरिक सुरक्षा से खिलवाड़ करते हैं। उन्होंने साफ़ कहा, “हमने उत्तर प्रदेश में कानून का राज कायम किया है। माफिया जेल में हैं या भाग चुके हैं। अब बिहार में भी ऐसा ही सुशासन चाहिए। घुसपैठियों को हम बख्शेंगे नहीं। उनकी अवैध संपत्ति जब्त कर गरीबों में बाँटी जाएगी।”
योगी ने दावा किया कि एनडीए सरकार की प्राथमिकता सिर्फ़ सत्ता नहीं, बल्कि सुरक्षा और विकास है। उन्होंने कहा कि “भारत की सीमाओं से लेकर गांव की गलियों तक, हमें देश को सुरक्षित रखना है। घुसपैठिए न पाकिस्तान के लिए काम करेंगे, न भारत में टिक पाएंगे।”

कश्मीर का उदाहरण देकर बोले—“सख्ती से निपटेंगे”
योगी आदित्यनाथ ने अपनी बात को और धार देते हुए कश्मीर का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, “जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 खत्म कर आतंकवाद को जड़ से उखाड़ फेंका, उसी तरह बिहार और पूरे देश से घुसपैठियों का खात्मा होगा।” उन्होंने कहा कि “हम डराने की नहीं, सुधारने की राजनीति करते हैं। लेकिन जो देश तोड़ने की साजिश करेगा, उसके लिए कोई जगह नहीं है।”
विपक्ष पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार का आरोप
रैली में योगी ने विपक्षी पार्टियों, खासकर राजद और कांग्रेस पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “महागठबंधन भ्रष्टाचार की जननी है। ये पार्टियाँ विकास की नहीं, परिवार की राजनीति करती हैं। इनके लिए जनता नहीं, सिर्फ़ खानदान मायने रखता है।” उन्होंने जनता से सवाल पूछा, “क्या आप फिर से वही बिहार चाहते हैं, जहाँ हर दिन अपराध की खबरें आती थीं, या वो बिहार जो विकास की पटरी पर चल पड़ा है?” लोगों ने नही के नारों से जवाब दिया, जिस पर योगी ने कहा“यही है। असली बिहार की आवाज़।”
‘रामभक्तों’ का बिहार बनाने की अपील
योगी आदित्यनाथ ने कहा, “भाजपा और एनडीए रामभक्तों का समूह है। हम भगवान राम और इस देश की संस्कृति का सम्मान करते हैं। जबकि विपक्ष उन्हीं का अपमान करता है।” उन्होंने जनता से आग्रह किया कि वे उन ताकतों को वोट न दें जो “भारत की आत्मा और संस्कृति को कमजोर करती हैं।” योगी ने कहा कि एनडीए सरकार का मकसद तुष्टिकरण नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण है। “हम सभी धर्मों का सम्मान करते हैं, लेकिन किसी के सामने झुकते नहीं। यही हमारा सिद्धांत है,” उन्होंने जोड़ा।
बिहार को ‘विकसित राज्य’ बनाने का वादा
योगी ने मंच से यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास कर रहा है और बिहार भी उसी दिशा में बढ़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि एनडीए सरकार ने बिहार में सड़क, बिजली, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम किए हैं। उन्होंने कहा, “पहले बिहार की पहचान अपराध और पलायन से होती थी, अब विकास और युवाओं से होती है। हमें इस रफ्तार को रोकना नहीं है, बल्कि और तेज़ करना है।”उन्होंने यह भी वादा किया कि आने वाले पांच सालों में बिहार को देश के विकसित राज्यों की कतार में लाया जाएगा।
जनता से सीधा संवाद
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वे बिहार के लोगों से सीधा संवाद करना चाहते हैं। “मैं आज दरभंगा में हूँ, लेकिन इसके बाद मुजफ्फरपुर, सारण और पटना में भी जनता-जनार्दन से मिलूंगा। बिहार का जनमानस सुशासन चाहता है और यह भरोसा एनडीए पर है,” उन्होंने यह भी जोड़ा कि बिहार की जनता को “कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार-मुक्त शासन” चाहिए, जो केवल एनडीए ही दे सकता है।
रैली के आखिर में योगी आदित्यनाथ ने जनता से अपील की “आपका वोट सिर्फ़ एक सरकार नहीं, बल्कि बिहार के भविष्य का फैसला करेगा। अगर आप चाहते हैं कि आपके बच्चे सुरक्षित और समृद्ध बिहार में रहें, तो एनडीए को चुनिए। हम वादा नहीं करते, काम करके दिखाते हैं।”
