Fact Check
Search

क्या है राहुल-तेजस्वी का इंडस्ट्री प्लान ? बोले “Made in China नहीं, Made in Bihar चाहिए”

मुजफ्फरपुर से महागठबंधन की पहली बड़ी रैली

मुजफ्फरपुर से महागठबंधन की पहली बड़ी रैली — राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी एक मंच पर; 20 साल की नीतीश सरकार पर जमकर वार, बोले – अब बदलाव का वक्त आ गया है।

मुजफ्फरपुर से महागठबंधन की पहली बड़ी रैली

मुजफ्फरपुर: बिहार विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद मुजफ्फरपुर के सकरा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की पहली बड़ी जनसभा हुई। मंच पर उनके साथ महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी भी मौजूद रहे।

राहुल गांधी ने अपनी बात की शुरुआत बेहद भावनात्मक अंदाज में की। उन्होंने कहा, “आप सब बारिश में खड़े हैं, दूर-दूर से आए हैं, इसके लिए मैं दिल से धन्यवाद करता हूं। अब बताइए, आपका मूड कैसा है?” उनकी इस पंक्ति पर भीड़ ने जोरदार नारेबाजी की ‘ बदलाव चाहिए, तेजस्वी चाहिए।’

बिहार का युवा अपने ही राज्य में भविष्य नहीं देख पा रहा

राहुल गांधी ने अपने भाषण में बिहार के पलायन को लेकर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि “मैं देश के हर कोने में जाता हूं। दिल्ली, मुंबई, गुजरात, बेंगलुरु, यहां तक कि दुबई में भी, हर जगह बिहार के मेहनती लोग काम करते दिखते हैं। आपने दिल्ली की इमारतें बनाईं, बेंगलुरु की सड़कें बनाई, गुजरात के कारखाने खड़े किए, लेकिन अपने ही राज्य में क्यों नहीं?” उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने बिहार के 15 युवाओं से मुलाकात की थी। सभी ने कहा कि “बिहार में कुछ नहीं रखा, यहां कोई मौका नहीं है।” राहुल बोले, “यह सच्चाई है कि आज बिहार का युवा अपने ही राज्य में भविष्य नहीं देख पा रहा है।”

नीतीश सरकार पर तीखा हमला

कांग्रेस नेता ने नीतीश कुमार पर सीधा वार करते हुए कहा कि “20 साल से एक ही सरकार चल रही है। नीतीश कुमार अपने आपको अति पिछड़ा बताते हैं, लेकिन इन 20 सालों में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में उन्होंने किया क्या है?” उन्होंने कहा कि “बिहार में आज युवा बेरोजगार है, किसान परेशान है और स्कूलों की हालत बदतर है। यहां अमीरों को एक-दो रुपये में जमीन दी जा रही है, जबकि गरीबों के पास रोजगार नहीं है। हमें ऐसा बिहार नहीं चाहिए। हमें ऐसा बिहार चाहिए जहां हर बच्चे को पढ़ाई मिले, अस्पतालों में इलाज मिले और युवाओं को अपने गांव में काम मिले।” राहुल ने कहा कि अगर बिहार ने देश को इतना दिया है तो अब वक्त है कि बिहार अपने लिए कुछ करे।

बीजेपी पर भी साधा निशाना

राहुल गांधी ने केंद्र की बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आज बिहार का “रिमोट कंट्रोल” दिल्ली में बैठी बीजेपी के हाथ में है। उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार सिर्फ चेहरा हैं, असली फैसले तीन-चार बीजेपी नेता लेते हैं। उन्हें न सामाजिक न्याय से मतलब है, न बिहार के भविष्य से।” उन्होंने लोकसभा में की गई अपनी बात को याद दिलाते हुए कहा,“मैंने प्रधानमंत्री से कहा था कि जातीय जनगणना कराइए ताकि देश को पता चले कि कौन-सी जाति की कितनी आबादी है, लेकिन उन्होंने एक शब्द नहीं कहा। बीजेपी सामाजिक न्याय के खिलाफ है।”

 

पेपर लीक पर बोले राहुल

राहुल गांधी ने बिहार में लगातार हो रही पेपर लीक घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा, “बिहार में लाखों रुपये खर्च करके बच्चे पढ़ाई करते हैं, लेकिन आखिर में परीक्षा से पहले पेपर लीक हो जाता है। मेहनती छात्रों का सपना टूट जाता है। ऐसा बिहार नहीं चलेगा।”

उन्होंने कहा कि बिहार को ऐसा बनाना होगा जहां “शिक्षा, स्वास्थ्य और उद्योग” की बुनियाद मजबूत हो। राहुल बोले, “जब तक बिहार में फैक्ट्रियां नहीं लगेंगी, तब तक बेरोजगारी खत्म नहीं होगी। हम चाहते हैं कि मोबाइल फोन पर ‘Made in Bihar’ लिखा दिखे, न कि ‘Made in China’। यह तभी होगा जब छोटे उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा।”

तेजस्वी यादव का हमला

राहुल गांधी के बाद मंच पर तेजस्वी यादव ने भी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अब बिहार में “परिवर्तन” का समय आ गया है। तेजस्वी बोले — “20 साल तक एक ही बीज बोया गया है, अब खेत बंजर हो गया है। जैसे किसान को नई फसल चाहिए, वैसे ही बिहार को नई सोच और नई सरकार की जरूरत है।”

साथ ही, उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार और नरेंद्र मोदी की जोड़ी ने बिहार को सिर्फ बेरोजगारी, पलायन और भ्रष्टाचार दिया है। तेजस्वी बोले, “सकरा को कोई यूनिवर्सिटी, अस्पताल या फैक्ट्री नहीं मिली। यहां सिर्फ घूसखोरी और अपराध बढ़ा है। गरीबों को राशन तक लेने में रिश्वत देनी पड़ती है।”

अब बदलाव जरूरी है

राहुल गांधी और तेजस्वी यादव दोनों ने एक ही सुर में कहा कि अब बिहार को एक नई दिशा देने की जरूरत है। राहुल बोले, “हम ऐसा बिहार चाहते हैं जहां दूसरे प्रदेशों के लोग आकर काम करना चाहें, न कि बिहार के लोग अपने घर छोड़कर बाहर जाएं।” तेजस्वी ने कहा, “गरीबी, बेरोजगारी और पलायन को खत्म करके हम बिहार को नंबर वन बनाएंगे ।”

Anushka Pandey

Content Writer

Anushka Pandey as a Anchor and Content writer specializing in Entertainment, Histroical place, and Politics. They deliver clear, accurate, and engaging content through a blend of investigative and creative writing. Bagi brings complex subjects to life, making them accessible to a broad audience.

Leave a Comment

Your email address will not be published.